-मई २०२८ की डेडलाइन भी खटाई में, जनता को ट्रैफिक जाम से कब मिलेगी मुक्ति
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई की सड़कों पर ट्रैफिक जाम से जूझती जनता को राहत देने के नाम पर करोड़ों रुपए की परियोजनाएं शुरू की जाती हैं, लेकिन निर्माण की धीमी रफ्तार लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। भायखला से जे.जे. मार्ग को जोड़ने वाले प्रस्तावित फ्लाईओवर का काम अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि मई २०२८ तक इसे पूरा करने की निर्धारित समयसीमा भी चूकने की आशंका जताई जा रही है।
भायखला के सीताराम सिलम उड्डाणपुल (वाई ब्रिज) से जे.जे. फ्लाईओवर को जोड़ने के लिए जे.जे. मार्ग और साबू सिद्दीक पॉलिटेक्निक कॉलेज जंक्शन के पास इस परियोजना का निर्माण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य भायखला, नागपाड़ा और माझगांव जैसे दक्षिण मुंबई के प्रमुख इलाकों में यातायात का दबाव कम करना है। परियोजना का करीब ३० प्रतिशत काम ही पूरा हुआ है। निर्माण की तकनीकी चुनौतियों के चलते मई २०२८ की समयसीमा पांच से छह महीने आगे खिसकने की आशंका जताई गई है।
