मुख्यपृष्ठनए समाचारछात्रों के जूतों के बजट पर भी मनपा ठेकेदारों का डाका!

छात्रों के जूतों के बजट पर भी मनपा ठेकेदारों का डाका!

-१६० रुपये के जूते ५०० रुपये में खरीदने का आरोप
-मीरा-भायंदर मनपा को लगाई ३५ लाख की चपत
सुरेश गोलानी / मुंबई
मीरा-भायंदर महानगरपालिका के शिक्षा विभाग द्वारा अपने स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए की गई जूता खरीद प्रक्रिया में लगभग ३५ लाख रुपये के बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। सूचना का अधिकार के माध्यम से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर ‘सत्यकाम फाउंडेशन’ के अध्यक्ष एडवोकेट कृष्णा गुप्ता ने मनपा आयुक्त से इस मामले की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) से उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, मनपा के शिक्षा विभाग ने अपने द्वारा संचालित स्कूलों के बच्चों को स्कूल बैग, जूते और मोजे वितरित करने के लिए २ करोड़ ४३ लाख ६० हजार रुपये की एक निविदा आमंत्रित की थी। इस निविदा का ठेका ‘मेसर्स नवकार यूनिफॉर्म्स’ नामक एजेंसी को दिया गया। टेंडर की शर्तों के तहत विद्यार्थियों को दिए जाने वाले प्रति जोड़ी जूते की कीमत ५०० रुपये प्रति जोड़ी तय की गई थी। शिकायतकर्ता का दावा है कि ठेकेदार द्वारा आपूर्ति किए गए जूते ‘सोनैक्सो फुटवेयर्स प्राइवेट लिमिटेड’ कंपनी के हैं। बाजार और सीधे निर्माता कंपनी से सत्यापन करने पर पता चला कि इन जूतों की वास्तविक कीमत केवल १६० रुपये प्रति जोड़ी है। इस प्रकार, मनपा के अधिकारियों ने ठेकेदार के साथ मिलकर प्रति जोड़ी ३४० रुपये का अतिरिक्त भुगतान किया है। मनपा के कुल ३५ विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण करने वाले कुल १०,२७५ विद्यार्थियों के लिए हुई इस खरीद में यह अंतर लगभग ३४ लाख ३४ हजार ५०० रुपये बैठता है।
आरोप है कि संबंधित अधिकारियों ने मिलीभगत कर ठेकेदार को अनुचित लाभ पहुंचाया और सार्वजनिक धन का दुरुपयोग किया। इस मामले पर संज्ञान लेते हुए मनपा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि निविदा समिति के माध्यम से इस पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।

 

 

 

 

 

 

 

अन्य समाचार