मुख्यपृष्ठनए समाचारछात्रवृत्ति के नाम पर उल्हासनगर में सियासी घमासान!

छात्रवृत्ति के नाम पर उल्हासनगर में सियासी घमासान!

– ज्योति कालानी के नाम पर भाजपा को ऐतराज, शिंदे गुट से नहीं बन रही बात
– विधायक कुमार आयलानी के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल आयुक्त से मिला
अनिल मिश्रा / उल्हासनगर
उल्हासनगर में छात्राओं की छात्रवृत्ति योजना को लेकर भाजपा और शिंदे गुट के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। सातवीं से बारहवीं कक्षा तक की छात्राओं को ५०० रुपये की छात्रवृत्ति देने के लिए स्वर्गीय ज्योति कालानी के नाम पर शुरू की गई योजना पर भाजपा ने सवाल उठाए हैं। विधायक कुमार आयलानी के नेतृत्व में भाजपा नगरसेवकों के प्रतिनिधिमंडल ने महानगरपालिका आयुक्त मनीषा आव्हाले से मुलाकात कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
भाजपा का आरोप है कि महासभा की मंजूरी के बिना योजना लागू करने की पहल की गई है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि उसका विरोध छात्राओं को आर्थिक सहायता देने से नहीं, बल्कि योजना के नामकरण और उसे लागू करने की प्रक्रिया से है।
इस मुद्दे ने महानगरपालिका की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। महासभा में प्रस्ताव और मंजूरी की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। भाजपा और शिंदे गुट के बीच इस मुद्दे पर मतभेद सामने आने से सियासी खींचतान बढ़ गई है। आयुक्त मनीषा आव्हाले ने प्रतिनिधिमंडल को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि मनपा प्रशासन योजना के नाम और छात्रवृत्ति की राशि को लेकर क्या निर्णय लेता है।
५०० नहीं, १,००० रुपये छात्रवृत्ति की मांग
भाजपा ने मांग की है कि छात्राओं को ५०० रुपये के बजाय १,००० रुपये की छात्रवृत्ति दी जाए और योजना का नाम समाज सुधारक सावित्रीबाई फुले के नाम पर रखा जाए। भाजपा नगरसेवकों का कहना है कि छात्राओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाली योजना का नाम किसी व्यक्तिगत नाम के बजाय समाज सुधारक के नाम पर होना चाहिए।

अन्य समाचार