मुख्यपृष्ठनए समाचारगोपाष्टमी पर काशी की सभी गौशालाएं रहीं गुलजार...विधि विधान से पूजी गईं...

गोपाष्टमी पर काशी की सभी गौशालाएं रहीं गुलजार…विधि विधान से पूजी गईं गौ माता

उमेश गुप्ता / वाराणसी

कार्तिक मास के शुक्लपक्ष के अष्टम अथार्त गोपाष्टमी पर काशी में जगह जगह संचालित गौशालाएं सुबह से ही गुलजार रही।
इसी क्रम में धर्मसम्राट स्वामी करपात्री जी महाराज की तपोस्थली श्रीमणि मंदिर, श्रीधर्मसंघ शिक्षा मण्डल, दुर्गाकुण्ड में मंगलवार को विधि विधान से गोपाष्टमी मनाई गई। मंदिर प्रांगण में स्थित स्वामी करपात्री आदर्श गौशाला में प्रातः 9 बजे से धर्मसंघ पीठाधीश्वर स्वामी शंकरदेव चैतन्य ब्रह्मचारी जी महाराज के पावन सानिध्य में सैकड़ो की संख्या में आये गौभक्तों ने सविधि पूजन अर्चन किया। आचार्य रामानंद पाण्डेय के आचार्यत्व में वैदिक आचार्यों एवं शताधिक बटुकों द्वारा शुक्ल यजुर्वेद के मंत्रोच्चार के बीच षोडषोपचार (राजषोपचार) विधि से गऊ पूजन किया गया। सर्वप्रथम गौरी-गणेश पूजन तथा आदित्य सूर्य पूजन किया गया, उसके उपरांत भगवान विष्णु का पूजन कर विधिवत गौपूजन किया गया।
गोपाष्टमी के अवसर पर पर गौशाले में सैकड़ो की संख्या में निवासित शुद्ध देशी गाय, गिर, साहीवाल, गंगातीरी गायों को प्रातःकाल पंचगव्य और पंचामृत स्नान कराया गया, उसके बाद गायों का रंग बिरंगे रेशमी वस्त्र, मुकुट, स्वर्ण – रजत आभूषण आदि से श्रृंगार किया गया। पूजन के उपरांत सभी गायों को गुड़ और फल के साथ हरे चारे के रूप में साग, मूली, खीरा, लौकी, सेम, गाजर आदि भोग खिलाया गया। अंत मे आरती कर उनकी प्रदक्षिणा की गयी। पूजन में दक्षिण भारत से बड़ी संख्या में आये भक्तों ने भी सविधि पूजन किया।
धर्मसंघ के महामंत्री पं. जगजीतन पाण्डेय ने गौभक्तों को गऊ सेवा का महात्म्य बताते हुए कहा कि कलिकाल में गौ माता की सेवा ही समस्त पापों का शमन करती है और सर्व सुख प्रदान करती है। सनातन धर्म मे गऊ का विशेष स्थान है, जो स्थान गंगा और गायत्री का है वहीं स्थान गौ का है। धर्मसम्राट स्वामी करपात्री जी महाराज का सम्पूर्ण जीवन गौ संवर्धन के लिए समर्पित रहा, गौहत्या बन्दी के लिए उनके द्वारा शुरू किया गया आंदोलन सम्पूर्ण देशभर में फैला।
राजमंगल पाण्डेय ने मुख्य यजमान के रूप में पूजन सम्पन्न कराया। गौपूजन में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य अर्चक पं. श्रीकान्त मिश्रा, प्रो. एसपी पाण्डेय, प्रो.शरद धर शर्मा, प्रो. पी एस ब्यादगी, प्रताप बहादुर सिंह, विकास शर्मा, सोनू द्विवेदी, राकेश पाण्डेय, अनुराग शर्मा, प्रिंस द्विवेदी, सुषमा शुक्ला, विकास शुक्ला सहित बड़ी संख्या में भक्तगण शामिल रहे।

अन्य समाचार