अमिताभ श्रीवास्तव
अब इसे खूनी विश्व विजेता ही कहेंगे, क्योंकि एक तो बॉक्सिंग का खेल, ऊपर से दनादन पंच मारकर खून से लथपथ कर देना और जीतना आखिर क्या कहलाएगा? यही न कि वह खूनी विश्व विजेता है। जी हां, लॉरेन प्राइस वेल्श बॉक्सिंग की पहली निर्विवाद विश्व चैंपियन हैं। ३२ साल की पूर्व फुटबॉलर ने खून से लथपथ माइकेला कोटास्कोवा को हराकर डब्ल्यूबीसी, डब्ल्यूबीए और आईबीएफ खिताबों के अपने संग्रह में डब्ल्यूबीओ वेल्टरवेट क्राउन भी जोड़ लिया और १००-९० के स्कोरकार्ड की हैट्रिक लगाई। प्राइस ने ३५ साल की प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ जबरदस्त शुरुआत की। कोटास्कोवा उनसे लंबी थीं और उनकी पहुंच भी ज्यादा थी। चेक गणराज्य की इस खिलाड़ी को पता होगा कि प्राइस के घर में जीत हासिल करने के लिए उन्हें एक दुर्लभ नॉकआउट की जरूरत होगी। उनकी इसी बहादुरी ने उन्हें दूसरे राउंड से ही ब्रिटिश खिलाड़ी की ताकत और सटीकता के सामने कमजोर बना दिया। तीसरे राउंड तक कोटास्कोवा एक पंचिंग बैग बन चुकी थीं। प्राइस के लीड राइट हुक लगातार उनकी बार्इं कनपटी पर लग रहे थे। चौथे राउंड में प्राइस ने अपने फुटवर्क के साथ-साथ रक्षात्मक कौशल का भी प्रदर्शन किया। पांचवें राउंड में अचानक दोनों के सिर टकराने से कोटास्कोवा की बार्इं आंख के ऊपरी बाहरी कोने में चोट लग गई, जिससे उनके चेहरे पर खून बहने लगा। फाइट का दूसरा हाफ भी एकतरफा रहा। २०२० ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता प्राइस घंटी बजने या स्कोरकार्ड पढ़े जाने से पहले ही जश्न मनाने लगी थीं।
मेस्सी की एथलीट बीवी
फुटबॉल के जादूगर लियोनेल मेस्सी अपने परिवार में अकेले एथलीट नहीं हैं। इंटर मियामी के सुपरस्टार की पत्नी एंटोनेला रोकुजो अपने लगभग ४२ मिलियन इंस्टाग्राम फॉलोअर्स को जिम में की गई मेहनत की झलक दिखा रही हैं। क्रॉप्ड वर्कआउट टॉप और काली लेगिंग्स पहने अर्जेंटीना की इस खूबसूरत महिला ने सेल्फी वीडियो में अपनी प्रोफाइल दिखाते हुए मुंह बनाया और मुस्कुरार्इं। उनके सोशल मीडिया को देखकर लगता है कि तीन बच्चों की मां को भी अपने पति की तरह वर्कआउट के लिए काफी समय देना पड़ता है, हालांकि यह सब मेहनत का काम नहीं है। जब लियोनेल एमएलएस प्लेऑफ के पहले राउंड में कोलंबस क्रू से मुकाबला करने की तैयारी कर रहे थे, तब उनकी पत्नी माचू पिचू देखने के लिए पेरू की यात्रा पर गई थीं। उन्होंने इस ऐतिहासिक स्थल पर कुछ तस्वीरें खिंचवार्इं और अपनी पोस्ट पर कैप्शन लिखा, ‘इस जगह के बारे में बताने के लिए अभी भी शब्द नहीं हैं। कितना शानदार है पेरू!’ एंटोनेला और लियोनेल अर्जेंटीना के रोसारियो शहर के बचपन के प्रेमी हैं। उन्होंने २००९ में अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया, २०१७ में शादी की और उनके तीन बेटे हैं।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)
