सुरेश गोलानी / मुंबई
नीदरलैंड्स के महावाणिज्य दूतावास और वर्ल्ड प्रेस फोटो के संयुक्त तत्वावधान में मुंबई के नरीमन पॉइंट में आयोजित प्रदर्शनी ‘डाउन टू अर्थ: क्लाइमेट चेंज एंड क्लाइमेट फ्यूचर्स’ के अवसर पर एक विशेष पैनल चर्चा का आयोजन किया गया। जलवायु परिवर्तन पर केंद्रित इस संवाद में भायंदर के जाने-माने चिकित्सक और वन्यजीव फोटोग्राफर डॉ. दिलीप शाह ने बतौर मुख्य पैनलिस्ट हिस्सा लिया और मसाई मारा के बदलते पारिस्थितिकी तंत्र पर अपने गंभीर अनुभव साझा किए। पेशे से डॉक्टर होने के साथ-साथ एक जुनूनी वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर डॉ. दिलीप शाह ने बताया कि वे एक दर्जन से अधिक बार केन्या के प्रसिद्ध मसाई मारा अभयारण्य की यात्रा कर चुके हैं। अपनी लगातार यात्राओं के दौरान उन्होंने वन्यजीवों के प्रवास (माइग्रेशन) के समय और रास्तों में स्पष्ट बदलाव देखे हैं। डॉ. शाह के अनुसार, बदलते मौसम के कारण अब कई जानवर कुछ क्षेत्रों में तय समय से पहले पहुंच रहे हैं या सामान्य से अधिक समय तक वहां रुक रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रवास के समय में यह बदलाव शावकों (बच्चों) के जन्म के समय भोजन की उपलब्धता पर सीधा और नकारात्मक असर डाल सकता है। जलवायु परिवर्तन को पहले से मौजूद संकटों को बढ़ाने वाला एक ‘एम्प्लिफायर’ बताते हुए डॉ. शाह ने कहा कि वन्यजीव क्षेत्रों में बढ़ता मानवीय अतिक्रमण और पशुओं की चराई इंसान और जानवरों को एक-दूसरे के बेहद करीब ला रही है, जिससे मानव-वन्यजीव टकराव का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि पर्यावरण संरक्षण के किसी भी प्रयास में स्थानीय समुदायों की आजीविका को ध्यान में रखना बेहद जरूरी है। चर्चा का संचालन प्रसिद्ध फोटोग्राफर नयन खानोलकर ने किया, जिसमें फोटोग्राफर जीशान लतीफ ने भी असम में नदी के कटाव पर अपने अनुभव रखे। डॉ. शाह ने कहा कि किसी एक तस्वीर से बदलाव शायद सूक्ष्म लगे, लेकिन जब लंबे समय तक एक ही स्थान की तस्वीरें एक साथ देखी जाती हैं, तो जलवायु परिवर्तन की भयावह तस्वीर साफ नजर आती है। नीदरलैंड्स वाणिज्य दूतावास और वर्ल्ड प्रेस फोटो जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर भायंदर के डॉ. शाह की बतौर पैनलिस्ट भागीदारी ने शहर का गौरव बढ़ाया है।
