मुख्यपृष्ठनए समाचारबाबासाहेब का स्मारक अधूरा...ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की मांग!

बाबासाहेब का स्मारक अधूरा…ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की मांग!

 -७०० करोड़ से बढ़कर ९०० करोड़ तक पहुंचा खर्च! सामाजिक न्याय विभाग ने एमएमआरडीए को कार्रवाई के लिए लिखा पत्र

जेदवी / मुंबई

मुंबई के दादर स्थित इंदू मिल परिसर में भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के भव्य स्मारक का निर्माण कार्य वर्षों से सुस्त गति से चल रहा है। बार-बार समयसीमा बढ़ाने के बावजूद परियोजना पूरी नहीं होने से अब ठेकेदार कंपनी शापूरजी पालोनजी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्मारक निर्माण में हो रही देरी को लेकर सामाजिक न्याय विभाग ने मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण से ठेकेदार कंपनी को काली सूची में डालने के संबंध में निर्देश देने की मांग की है।
बार-बार बढ़ाई गई निर्माण की समय सीमा
डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक के निर्माण कार्य की शुरुआत फरवरी २०१८ में हुई थी। कोविड महामारी के चलते परियोजना की पहली समयसीमा मार्च २०२४ तक बढ़ाई गई। इसके बावजूद काम पूरा नहीं होने पर अब तक तीन बार समयसीमा बढ़ानी पड़ी। तीसरी समयसीमा ३० नवंबर २०२६ तक निर्धारित की गई है। लेकिन इस अवधि तक भी परियोजना का केवल ५६ प्रतिशत काम पूरा हुआ है, जबकि कुल परियोजना का ७८ प्रतिशत काम पूरा होने का दावा किया गया है। स्मारक के मुख्य निर्माण कार्य की शुरुआत भी अभी तक नहीं हो पाई है। काम की धीमी गति ने परियोजना को लंबे समय से अधर में लटका रखा है। परियोजना में लगातार हो रही देरी को लेकर सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता विभाग के प्रधान सचिव को १५ अक्टूबर को पत्र लिखकर ठेकेदार कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। विभाग ने एमएमआरडीए से ठेकेदार को काली सूची में डालने के निर्देश देने का आग्रह किया है।
२०० करोड़ रुपए की अतिरिक्त मांग
स्मारक के निर्माण कार्य के लिए शिल्पकार राम सुतार की ओर से लगभग २०० करोड़ रुपए की अतिरिक्त मांग किए जाने का मुद्दा भी सामने आया है। परियोजना की लागत में लगातार वृद्धि और काम में देरी ने इस निर्माण कार्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

अन्य समाचार