मुख्यपृष्ठनए समाचार२०४ करोड़ खर्च, फिर भी जाम से जूझेगी मुंबई!

२०४ करोड़ खर्च, फिर भी जाम से जूझेगी मुंबई!

 -बीकेसी-धारावी को जोड़ने वाले मीठी नदी के पुल को १० लेन का बनाने की तैयारी
-पुराने पुल को तोड़ने के दौरान हजारों वाहन चालकों की बढ़ेगी मुसीबत

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई में विकास के नाम पर करोड़ों-अरबों रुपये की परियोजनाओं की घोषणाएं तो खूब हो रही हैं, लेकिन आम मुंबईकरों को यातायात की समस्या से राहत कब मिलेगी, इसका जवाब किसी के पास नहीं है। अब बीकेसी और धारावी को जोड़ने वाले मीठी नदी के पुल के विस्तार और पुनर्निर्माण पर करीब २०४ करोड़ रुपये खर्च किए जाने की तैयारी है। इस परियोजना के तहत मौजूदा पुल को १० लेन का बनाया जाएगा। इसके लिए निर्माण कार्य तीन चरणों में पूरा करने की योजना है। सवाल यह है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद क्या मुंबईकरों को जाम से मुक्ति मिलेगी या विकास के नाम पर उन्हें एक और लंबी परेशानी झेलनी पड़ेगी?
इस परियोजना के दूसरे चरण में पुल पर गर्डर लगाने की तैयारी है, जबकि तीसरे चरण में पुराने पुल को तोड़कर नया पुल बनाया जाएगा। बीकेसी मुंबई का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है। यहां रोजाना हजारों कर्मचारी, कारोबारी और वाहन चालक आवाजाही करते हैं। धारावी सहित आसपास के इलाकों से आने-जाने वाले नागरिकों के लिए भी यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान यातायात का दबाव किस तरह संभाला जाएगा, यह बड़ा सवाल है।
मुंबई में सड़कें खोदने, पुल बनाने और नई परियोजनाएं शुरू करने का सिलसिला लगातार जारी है, लेकिन निर्माण के दौरान नागरिकों को होने वाली परेशानियों का कोई स्थायी समाधान दिखाई नहीं देता। सरकार और प्रशासन को बताना चाहिए कि परियोजना की समयसीमा क्या है, यातायात डायवर्जन की व्यवस्था वैâसी होगी और काम में देरी होने पर जवाबदेही किसकी तय होगी?
मुंबईकरों को केवल विकास के बड़े-बड़े दावे नहीं, बल्कि जाम से वास्तविक राहत चाहिए। २०४ करोड़ रुपये की परियोजना का फायदा नागरिकों को समय पर मिलेगा या उन्हें इसके निर्माण की कीमत रोजाना जाम में फंसकर चुकानी पड़ेगी?

अन्य समाचार