-६००-६५० ढक्कन चोरी, अब नए ढक्कन लगाने पर बीएमसी खर्च करेगी ९० लाख
जेदवी / मुंबई
मुंबई की सड़कों पर खुले मैनहोल नागरिकों के लिए मौत का जाल बनते जा रहे हैं, लेकिन मुंबई मनपा चोरी रोकने के बजाय बार-बार नए ढक्कन लगाने पर जनता की गाढ़ी कमाई लुटाने में जुटी है। पिछले एक वर्ष में मुंबई में करीब ६०० से ६५० मैनहोल के ढक्कन चोरी होने की जानकारी सामने आई है। अब इन्हें बदलने के लिए बीएमसी ९० लाख ३ हजार रुपये खर्च करेगी। सवाल यह है कि चोरी रोकने में नाकाम प्रशासन आखिर कब जिम्मेदारी तय करेगा? लोहे के भारी ढक्कनों को चोरी कर कबाड़ में बेचने की आशंका है। सुनसान सड़कों और कम आवाजाही वाले इलाकों में चोरी की घटनाएं हो रही हैं। चोरी के माल को खरीदने वाले कबाड़ कारोबारियों के नेटवर्क पर शिकंजा कसने में भी प्रशासन की कार्रवाई सामने नहीं आई है। निगरानी दल तैनात होने के बावजूद चोरी जारी है, जबकि मैनहोल पर सेंसर और सायरन लगाने की योजना अब तक ठंडे बस्ते में है। एक गोलाकार ढक्कन की कीमत ९,०७२ रुपये, जबकि आयताकार ढक्कनों की कीमत १६,४४० से २२,४९२ रुपये तक है। दक्षिण और मध्य मुंबई में ढक्कन बदलने के लिए दो साल का ९० लाख ३ हजार रुपये का ठेका दिया जा रहा है। उपनगरों में भी ठेकेदार नियुक्त होंगे। एक लाख से अधिक मैनहोल वाले शहर में चोरी रोकने की ठोस व्यवस्था क्यों नहीं?
