-तीन साल से नहीं हो पाया रजिस्ट्रेशन, स्वास्थ्य विभाग की खुली पोल
– तीन साल पहले ८१४ नई एंबुलेंस देने की हुई थी घोषणा
-स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने एजेंसी पर डाली जिम्मेदारी
रामदिनेश यादव / मुंबई
महाराष्ट्र में महायुति सरकार के विकास और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के दावों की पोल एक बार फिर खुल गई है। एक तरफ ग्रामीण इलाकों में मरीज समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने से परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ पुणे के औंध अस्पताल परिसर में लगभग १५० नई एंबुलेंस धूल फांक रही हैं। आपातकालीन चिकित्सा सेवा के लिए खरीदी गई इन गाड़ियों का इस्तेमाल शुरू नहीं होना सरकार और स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही को उजागर करता है।
हैरानी की बात यह है कि राज्य में एंबुलेंस सेवा को मजबूत बनाने के लिए तीन साल पहले ८१४ नई गाड़ियां उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी। ये उन्हीं का हिस्सा हैं। लेकिन सरकारी मशीनरी की सुस्ती का आलम यह है कि नई गाड़ियां अस्पताल परिसर में खड़ी हैं और मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता मिलने की गारंटी नहीं है।
इस मामले में स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने एंबुलेंस के लोकार्पण में देरी की वजह संबंधित एजेंसी द्वारा वाहनों का पंजीकरण पूरा नहीं करना बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस प्रक्रिया की युद्धस्तर पर समीक्षा कर रही है। राज्य में लगभग १,७५० नई एंबुलेंस लाई जा रही हैं और एक दिसंबर को ३५० एंबुलेंस सेवा में शामिल करने की योजना है।
बता दें कि आपातकालीन सेवा में हर मिनट कीमती होता है। ऐसे में १५० एंबुलेंस का निष्क्रिय खड़ा रहना महायुति सरकार की प्रशासनिक विफलता का गंभीर उदाहरण है। जनता को घोषणाएं नहीं, समय पर एंबुलेंस और जीवन बचाने वाली स्वास्थ्य सेवाएं चाहिए। विपक्ष ने सवाल किया है कि जब गाड़ियां उपलब्ध हैं तो उनका पंजीकरण समय पर क्यों नहीं हुआ? संबंधित एजेंसी पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्या मरीजों की जान से ज्यादा सरकार के लिए उद्घाटन समारोह महत्वपूर्ण हो गया है?
