मुख्यपृष्ठनए समाचार‘वोट चोरी' के सवाल पर विदेश यात्रा बंदी का वार!

‘वोट चोरी’ के सवाल पर विदेश यात्रा बंदी का वार!

-मोदी राज में ३ सीजेपी नेताओं पर लुकआउट सर्कुलर का शिकंजा!
-सौरव दास के बाद अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका पर भी मुंबई पुलिस की कार्रवाई

सामना संवाददाता / मुंबई

मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के आरोपों को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ आवाज उठाने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के तीन प्रमुख नेताओं पर मुंबई पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया है। पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास के बाद अब संस्थापक अभिजीत दीपके और सह-संयोजक आशुतोष रांका के खिलाफ भी यह कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई के बाद तीनों नेताओं के विदेश जाने पर रोक लगाने संबंधी अलर्ट जारी हो गया है। सौरव दास को पहले ही दिल्ली हवाई अड्डे पर लंदन जाने से रोका जा चुका है। इस घटनाक्रम ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक विरोध और पुलिस कार्रवाई को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
४०० से अधिक समर्थकों पर भी एफआईआर
प्रदर्शन के अगले दिन यानी ३ अक्टूबर को शिवाजी पार्क पुलिस ने सीजेपी के नेताओं और ४०० से अधिक समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इसमें अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारियों के नाम शामिल हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं १८९ और २२३ तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धाराओं ३७ और १३५ के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने बिना अनुमति जमावड़ा किया और प्रशासनिक आदेशों का उल्लंघन किया।
एसआईआर के विरोध में उठाई थी आवाज
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मुंबई पुलिस ने यह कार्रवाई २ अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर दादर के शिवाजी पार्क में आयोजित सीजेपी के प्रदर्शन से जुड़े मामले में की है। पार्टी ने इस प्रदर्शन को चलो मुंबई नाम दिया था। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए एसआईआर के जरिए मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया था। प्रदर्शन के लिए पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग शिवाजी पार्क में जुटे थे।
इस कार्रवाई का मामला तब सामने आया, जब सौरव दास को २३ नवंबर को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लंदन जाने से रोक दिया गया। इसके बाद उन्होंने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। २६ नवंबर को सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ने अदालत को बताया कि उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है। दास के वकील अखिल सिब्बल ने सर्कुलर की जानकारी और उसकी प्रति मांगी। अदालत ने तत्काल यह जानकारी उपलब्ध कराने की मांग स्वीकार नहीं की। मामले की अगली सुनवाई ९ दिसंबर को होगी।
गौरतलब है कि २ अक्टूबर के प्रदर्शन के करीब सात सप्ताह बाद लुकआउट सर्कुलर जारी किए गए। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, तीनों नेताओं के देश छोड़ने की आशंका के चलते यह कदम उठाया गया। वहीं, सीजेपी का प्रदर्शन चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और एसआईआर के विरोध में आयोजित किया गया था।

अन्य समाचार