मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई के पगड़ीधारकों को मुफ्त में मालिकाना हक के घर, कानून में...

मुंबई के पगड़ीधारकों को मुफ्त में मालिकाना हक के घर, कानून में हो प्रावधान

-आदित्य ठाकरे ने मुख्यमंत्री फडणवीस को सौंपा स्मरणपत्र
-शीतकालीन अधिवेशन में कानून लाने की मांग

सामना संवाददाता / मुंबई

शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख एवं विधायक आदित्य ठाकरे ने मुंबई में पगड़ी व्यवस्था वाले मकानों में रहने वाले नागरिकों को मुफ्त में मालिकाना हक के घर उपलब्ध कराने के लिए कानून में आवश्यक प्रावधान करने तथा आगामी शीतकालीन अधिवेशन में इस पर कानून लाने की मांग मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से की है।
आदित्य ठाकरे ने समय-समय पर इस मुद्दे पर राज्य सरकार और मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया है। इसी सिलसिले में उन्होंने कल मुख्यमंत्री को स्मरणपत्र सौंपा। उन्होंने पत्र में कहा कि मुंबई की पुरानी और जर्जर पगड़ी एवं उपकर-प्राप्त इमारतों को खतरनाक घोषित करने के लिए सक्षम प्राधिकरण म्हाडा है। इसलिए नियम के तहत अत्यंत खतरनाक इमारतों को जारी किए गए नोटिसों से संबंधित कार्रवाई और प्रक्रिया नए सिरे से शुरू करने के बजाय, जिस चरण पर प्रक्रिया रुकी हुई है, वहीं से आगे बढ़ाई जानी चाहिए।
आदित्य ठाकरे ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि उपकर-प्राप्त इमारतों के पात्र किरायेदारों को पुनर्विकास के तहत जिस प्रकार मुफ्त में निश्चित क्षेत्रफल का घर दिया जाता है, उसी तर्ज पर गैर-उपकर (नॉन-सेस) पगड़ी इमारतों के पात्र किरायेदारों को भी समान क्षेत्रफल का मालिकाना हक वाला घर मुफ्त में उपलब्ध कराने के लिए कानून में वैधानिक प्रावधान किया जाना चाहिए।

अन्य समाचार