– सुप्रिया सुले ने दी स्वास्थ्य की जानकारी
-दो दिन चलेगा उपचार, मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में कराया गया भर्ती
सामना संवाददाता / मुंबई
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता शरद पवार को एक बार फिर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ८५ वर्षीय शरद पवार को निर्जलीकरण की शिकायत के बाद चिकित्सकीय जांच और उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई और समर्थकों में चिंता फैल गई।
सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने पिता के स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए बताया कि शरद पवार को निर्जलीकरण की परेशानी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों ने उन्हें यात्रा कम करने और पर्याप्त विश्राम करने की सलाह दी है। सुप्रिया सुले ने भावुक संदेश में कहा कि बाबा अपने काम से बेहद प्रेम करते हैं और किसी की बात नहीं सुनते। उन्होंने शुभचिंतकों की चिंता और शुभकामनाओं के लिए आभार भी व्यक्त किया। साथ ही स्पष्ट किया कि उनके पिता की तबीयत ठीक है।
विधायक रोहित पवार ने भी जानकारी दी कि शरद पवार की हालत स्थिर है। चिकित्सकों की सलाह के अनुसार अगले दो दिनों तक उनका उपचार जारी रहेगा। उन्होंने समर्थकों से अपील की कि पवार साहब के स्वास्थ्य को लेकर चिंता न करें।
