– फडणवीस को पुणे का पालकमंत्री बनाने से और बिगड़ेंगे हालात!
-गृहमंत्री के रूप में विफल मुख्यमंत्री पर रोहित पवार का तीखा हमला
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र की महायुति सरकार में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। शिक्षा और सांस्कृतिक पहचान के लिए प्रसिद्ध पुणे में बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिवाजीनगर न्यायालय परिसर के बाहर हुई गोलीबारी और हमले की घटना के बाद राज्य की राजनीति में भूचाल आ गया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और महायुति सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार किया है।
सांसद सुप्रिया सुले ने पुणे में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को देखते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस से स्वयं पुणे का पालकमंत्री बनने और शहर की जिम्मेदारी संभालने की मांग की थी। लेकिन रोहित पवार ने इस सुझाव का विरोध करते हुए कहा कि जो मुख्यमंत्री पहले से ही राज्य के गृहमंत्री हैं और अपराधों पर नियंत्रण नहीं कर पा रहे हैं, उनके हाथ में पुणे की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपने से शहर का और बंटाधार होगा।
रोहित पवार ने कहा कि दिवंगत अजीत पवार के कार्यकाल में पुणे प्रशासन पर मजबूत पकड़ थी। वर्तमान पालकमंत्री सुनेत्रा पवार इस जिम्मेदारी में अभी नई हैं और उनसे पुणेकरों की अपेक्षाएं पूरी नहीं हो पा रही हैं।
उन्हें पर्याप्त अधिकार और सहयोग दिया जाना चाहिए। यदि वे यह जिम्मेदारी निभाने में सक्षम नहीं हैं, तो किसी अनुभवी और कठोर प्रशासक को पालकमंत्री बनाया जाए।
`उन्होंने पुणे पुलिस आयुक्त पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की बात नहीं सुनते, बल्कि केवल गृहमंत्री के निर्देशों पर काम करते हैं। रोहित पवार ने पुलिस आयुक्त को बदलकर निष्पक्ष और सक्षम अधिकारी नियुक्त करने की मांग की।’
