मुख्यपृष्ठनए समाचारवोटर लिस्ट में हजारों झोल, एसआईआर की खुल गई पोल ...७० साल...

वोटर लिस्ट में हजारों झोल, एसआईआर की खुल गई पोल …७० साल का बुजुर्ग निकला ५९ साल के व्यक्ति का बेटा!

कांग्रेस की दो-टूक
चुनाव आयोग जनता को दे जवाब, किस मकसद से कराया एसआईआर?
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के दावे के साथ कराए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की हकीकत अब सवालों के घेरे में है। कर्नाटक की अंतिम मतदाता सूची में सामने आई हजारों विसंगतियों ने चुनाव आयोग की पूरी कवायद पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आलम यह है कि मतदाता सूची में ७० साल के बुजुर्ग को ५९ साल के व्यक्ति का बेटा दर्ज कर दिया गया है, जबकि एक अन्य मामले में ४० साल के व्यक्ति को उसी उम्र के दूसरे व्यक्ति का पिता बता दिया गया है।
कांग्रेस ने कर्नाटक की अंतिम मतदाता सूची के विश्लेषण का हवाला देते हुए १७ हजार से अधिक ऐसी गड़बड़ियों को उजागर किया है, जिनमें माता-पिता की उम्र उनके बच्चों से कम या बराबर दर्ज है।
इनमें २,२०० से ज्यादा मामले ऐसे हैं, जहांं पिता की उम्र अपने बच्चे से महज एक से पांच साल अधिक या उससे भी कम दर्ज की गई है। रायचूर, कलबुर्गी और यादगीर जिलों में ऐसी विसंगतियों की संख्या सबसे ज्यादा बताई गई है।
४३ लाख मतदाताओं को नोटिस, फिर भी नहीं सुधरीं गड़बड़ियां
हैरानी की बात यह है कि एसआईआर के दौरान कर्नाटक में ४३ लाख से अधिक मतदाताओं को तार्किक विसंगतियों के नाम पर नोटिस जारी किए गए थे। सुनवाई और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया भी चली, लेकिन इसके बावजूद अंतिम मतदाता सूची में इतनी बड़ी संख्या में गड़बड़ियां कैसे रह गईं ? कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से सीधे सवाल किया है कि यदि एसआईआर का मकसद मतदाता सूची की खामियां दूर करना था, तो फिर ये विसंगतियां क्यों नहीं सुधारी गईं ? पार्टी ने चुनाव आयोग से जवाब मांगा है कि आखिर इस पूरी कवायद का वास्तविक मकसद क्या था?

अन्य समाचार