मुख्यपृष्ठनए समाचारकेंद्र के खिलाफ `कॉकरोच' की हुंकार...`मोदी एक कमजोर तानाशाह हैं

केंद्र के खिलाफ `कॉकरोच’ की हुंकार…`मोदी एक कमजोर तानाशाह हैं

-ज्ञानेश को बचाने, झोंक रहे पूरी ताकत’
-दीपके की चेतावनी, आज हर हाल में होगा प्रदर्शन
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर सियासी टकराव तेज हो गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘कमजोर तानाशाह’ बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार अपने ही नागरिकों और युवाओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए सरकारी मशीनरी के इस्तेमाल का आरोप लगाया। इसीके साथ ही दीपके ने एलान किया कि राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आज यानी शुक्रवार १६ अक्टूबर को शाम पांच बजे दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में तिरंगा मार्च निकाला जाएगा।
प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपके ने कहा कि तिरंगा फहराना कोई अपराध नहीं है और इसे अपराध मानने वाली मानसिकता तानाशाही व्यवस्था की पहचान है। उन्होंने सभी वर्गों के लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील की। साथ ही दिल्ली नहीं पहुंच पाने वाले लोगों से अपने-अपने शहरों में तिरंगा मार्च निकालने का आह्वान किया। उनके मुताबिक, इस आंदोलन का मकसद सरकार की कार्रवाई के खिलाफ आवाज बुलंद करना है। दीपके ने सीजेपी नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि उन्हें तिरंगा फहराने के कारण जेल भेजा गया। हालांकि, पुलिस कार्रवाई से जुड़ी रिपोर्टों में जंतर-मंतर पर कथित तौर पर बैरिकेड पार करने और निर्धारित शर्तों के उल्लंघन के आरोपों का भी उल्लेख है। दीपके ने आशंका जताई कि उन्हें भी जेल भेजा जा सकता है, लेकिन उन्होंने कहा कि वह इससे डरने वाले नहीं हैं। दीपके ने सवाल किया कि एक अधिकारी को बचाने के लिए छात्रों, युवाओं और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ इतनी सख्ती क्यों की जा रही है।
तिरंगा मार्च से पहले सेंट्रल पार्क बंद
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को दो दिनों के लिए बंद रखने का आदेश दिया है। पार्क १६ और १७ अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रहेगा। यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने १६ अक्टूबर को शाम पांच बजे इसी पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च का आह्वान किया है।
`हिरासत और मारपीट से नहीं दबेगी आंदोलन की आवाज’
हिरासत और कथित मारपीट से आंदोलन की आवाज दबाने की कोशिशों के खिलाफ प्रदर्शनकारियों ने फिर हुंकार भरी है। अभिजीत दीपके ने दो टूक कहा कि दमनकारी कार्रवाई से आंदोलन कमजोर नहीं होगा, बल्कि संघर्ष और तेज होगा। चुनाव आयोग के प्रमुख ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शनकारी एक बार फिर लामबंद हो रहे हैं।

 

अन्य समाचार