मुख्यपृष्ठनए समाचारसरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगारों से वसूली, लूटपाट करने वाला...

सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगारों से वसूली, लूटपाट करने वाला गिरोह पकड़ा गया

राजेश सरकार / प्रयागराज
देश में बेरोजगारी का मुद्दा ज्वलंत होता जा रहा है। जबकि राजस्थान के शातिर दिमाग वाले युवकों के एक गिरोह ने इस ज्वलंत मुद्दे को कमाई का शार्टकट रास्ता बनाया था। गिरोह के लोग बेरोजगारी के शिकार युवक एवं युवतियों को षड्यंत्र के तहत सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर यूपी में अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर मारपीट व जान से मारने तथा फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उनसे वसूली व लूटपाट करते थे। बुधवार को इस गिरोह के 15 वांछित सदस्यों को नैनी पुलिस ने एक गेस्ट हाउस से गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक लैपटाप, 13 मोबाइल फोन, दो आईडी कार्ड व अन्य प्रपत्र तथा एक कार सुजुकी फ्रॉक्स बरामद किया गया है। नैनी पुलिस ने यह सफलता रिपोर्ट दर्ज करने के 24 घंटे के अंदर बुधवार को हासिल किया है। गिरोह के विरुद्ध नैनी थाने में धारा-191 (2) /142/308 (6) /115(2)/351(2)/61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज था। गिरोह के 15 वांछित अभियुक्त को मुखबिर की सूचना पर आशीर्वाद गेस्ट हाउस सरपतहिया रोड एडीए कॉलोनी नैनी से गिरफ्तार किया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की गई है।

– क्या था मामला
गोपीचन्द्र पुत्र सुभाष चन्द्र निवासी खोहरी थाना मलसीसर जनपद झुन्झुनू राजस्थान ने नैनी पुलिस को तहरीर देकर अवगत कराया था कि उक्त सभी अभियुक्त एकराय होकर उससे एवं अन्य लोगों से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर मारपीट की। डराया कि फर्जी मुकदमा लिखवाकर फंसा दिया जाएगा। जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर के आधार पर नैनी पुलिस ने मंगलवार को सभी अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 191 (2) /142 /308(6) /115(2)/351 (2)/61(2) बीएनएस पंजीकृत किया।अभियोग पंजीकृत कर नैनी पुलिस टीम ने अभियुक्तों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर इन सभी 15 वांछित अभियुक्तों को बुधवार को उक्त गेस्ट हाउस से दबोच लिया गया। अभियुक्तों में अमित कुमार, सुमित कुमार,सोनू विश्व कर्मा, राजूराम, राजकुमार रायल, सोनू यादव, विश्वजीत, शिवराज सिंह, सुमित, बलराम मीना, मोहित, अनीश, रवीन्द्र कुमार, साहिल तथा मनोज शामिल हैं।

– लोगों को ऐसे बनाते थे शिकार
गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि षड्यंत्र के तहत सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों को अलग-अलग स्थानों से बुलाकर मार-पीटकर धमकी देकर बंधक बनाते थे। जान से मारने की धमकी देते थे तथा फर्जी मुकदमे में फंसाकर वसूली करते थे । इनसे बरामद सुजुकी फ्रॉक्स गाडी का प्रयोग ये लोग उक्त घटना में करते थे। लोगों से इन लोगों ने जो पैसे वसूले थे। उन्हे इस संगठन का मुखिया प्रकाश राव लेकर फरार हो गया है।

अन्य समाचार