सामना संवाददाता / मुंबई
मुलुंड के 4000 करोड रुपए के भूमि घोटाले का मामला अब और भी पेचीदा होता जा रहा है। यह भूमि घोटाला अब एक ऐसे मोड़ पर पहुंच गया है, जहां इस मामले की जांच का दायरा और भी व्यापक होने की संभावनाएं दिखाई दे रही हैं। इस मामले को लेकर पिछले दिनों हुए मंत्रालय में हुई हाई प्रोफाइल बैठक के दौरान जिलाधिकारी को आदेश जारी किए की इस मामले की जांच को सीबीआई को सौंपे।
18 नवंबर की रात मंत्रालय में महत्वपूर्ण सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता आशिक आमीरअली मर्चेंट ने EOW की जांच की प्रशंसा करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की। परंतु इस मामले को लेकर जिलाधिकारी को सीबीआई जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए जाने की जानकारी सामने आई है। इस सुनवाई में EOW केस क्रमांक 91/2026 से जुड़े मनीष बावा, सुमीत बावा और ऋषि ठक्कर उपस्थित थे। वहीं जिलाधिकारी, तहसीलदार, उपविभागीय अधिकारी सहित कई अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
शिकायतकर्ता आशिक आमीरअली मर्चेंट ने सुनवाई के दौरान कड़ी आपत्ति जताते हुए सवाल उठाया कि जब वे इस मामले के मूल शिकायतकर्ता हैं और आपराधिक जांच जारी है, तो उन्हें बिना पूर्व सूचना, औपचारिक नोटिस अथवा सुनवाई का उद्देश्य बताए इस प्रक्रिया से बाहर क्यों रखा गया ? सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता ने ऐतिहासिक राजस्व अभिलेख और आधिकारिक जांच रिपोर्टें प्रस्तुत कर कई गंभीर सवाल उठाए। फेरफार प्रविष्टि क्रमांक 823, वर्ष 1910 तथा फेरफार क्रमांक 4960 का हवाला देते हुए उन्होंने पुराने रिकॉर्ड में दर्ज नामों और उनके ऐतिहासिक संदर्भ पर सवाल उठाए।
इस सवाल ने पूरे मामले में पुराने सरकारी रिकॉर्ड की प्रमाणिकता और नामों के आधार पर जमीन के अधिकारों के दावों की जांच की आवश्यकता को और महत्वपूर्ण बना दिया है।शिकायतकर्ता ने इन नामों, उपनामों और पारिवारिक वंशावली में कथित विसंगतियों पर सवाल उठाते हुए मांग की कि जमीन के मूल खातेदारों, संबंधित व्यक्तियों और उनके पारिवारिक संबंधों की पुष्टि प्रमाणित दस्तावेजों के आधार पर की जाए।
मुलुंड जमीन प्रकरण अब एक बेहद महत्वपूर्ण मोड़ पर है। रहस्य गहराते जा रहे हैं, सवाल बढ़ते जा रहे हैं… और अब सबकी निगाहें सरकार तथा जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
