मुख्यपृष्ठसमाचारतेज रफ्तार बेकाबू कार ने दो महिला को रौंदा...एक की मौत

तेज रफ्तार बेकाबू कार ने दो महिला को रौंदा…एक की मौत

राजेश सरकार / प्रयागराज

शहर के घनी आबादी वाले करेली इलाके में उत्तर प्रदेश आवास विकास कॉलोनी के सी ब्लॉक मे मंगलवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें मीरा नाम की एक महिला की मौत हो गई। कई लोग घायल हो गए। घटना में जान गंवाने वाली मीरा की दो बेटियां हैं। पति की पहले ही दुर्घटना में मौत हो चुकी है। बेटियों का भरण-पोषण करने को मीरा घरों में झाड़ू-बर्तन करती थी। याद दिला दें कि प्रयागराज में तेजरफ्तर वाहनों से कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। दीपावली के दिन राजरूपपुुर में तेज रफ्तार कार ने कई को रौंद दिया, जिसमें एक गरीब फेरीवाले की दर्दनाक मौत हो गई थी। इसके बाद बीते रविवार को पिकअप ने दो साल की मासूम को कुचल दिया। उसकी भी मौत हो गई। इसके अलावा भी तेजरफ्तार नें जिले में कई जाने ली। इस बीच मंगलवार सुबह करेली में हादसा हो गया। तेज कार नेे सड़क किनारे जा रहीं दो महिलाओं को चपेट में ले लिया। हादसे में 50 साल की मीरा जान गवां बैठी, जबकि दूसरी महिला की हालत गंभीर है। हादसे के बाद चालक मौका पाकर भाग निकला। करेली एसीपी राजकुमार मीना ने बताया कि घटना के वक्त कार डाॅक्टर जुबैर का ड्राइवर चला रहा था। आरोपी ड्राइवर को ट्रेस करने के बाद हिरासत में लिया गया है। मृतका के परिजन ने तहरीर दी है, जिस पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। मृतका मीरा देवी पुरवा करेली में रहती है। मीरा मंगलवार सुबह दस बजे काम पर जा रही थीं। उसी समय डाॅ. जुबैर का चालक भी घर का सामान लेने के लिए निकला था। कार स्टार्ट करने के साथ अचानक उसने एक्सीलेटर पर पैर रख दिया। इसके बाद कार तेजी से निकली और दोनों को रौंदते हुए पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया और जांच-पड़ताल में जुट गई। पुलिस के मुताबिक, जिस ग्रैंड विटारा कार से हादसा हुआ वो डाॅ.जुबैर अहमद के नाम पर रजिस्टर्ड है। डाॅक्टर करेली के ही रहने वाले हैं। डाॅ. जुबैर प्रयागराज शहर के काल्विन हाॅस्पिटल में फिजिशियन हैं। डाॅक्टर ने पुलिस को बताया है कि कार ऑटोमैटिक थी। उन्होने आशंका जताई है कि ड्राइवर इसे समझ नहीं पाया और कार स्टार्ट करते ही  उसने एक्सीलेटर पर पैर दबा दिया होगा। जिस वजह से यह हादसा हुआ होगा।

अन्य समाचार