अनिल मिश्र / पटना
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का 84वां जन्मदिन कांग्रेस नेता दामोदर गोस्वामी के गोस्वामी आश्रम में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दामोदर गोस्वामी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा उपस्थित लोगों को मिठाई खिलाकर की।
इस अवसर पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह, दामोदर गोस्वामी, टिंकू गिरी, प्रद्युम्न दुबे, शिव कुमार चौरसिया, सुनील कुमार पासवान, बाल्मीकि प्रसाद सहित अन्य नेताओं ने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी तथा भारत की आजादी से लेकर चहुंमुखी विकास और देश को विश्व के विकसित देशों की श्रेणी में शामिल कराने में कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दूसरे कार्यकाल के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के जन्मदिन पर कांग्रेसजन उनकी तुलना प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक बाबू वीर कुंवर सिंह के संघर्ष से करते हैं। उनका कहना था कि इस आयु में भी खड़गे पूरी ऊर्जा के साथ देशवासियों के लिए निरंतर संघर्ष कर रहे हैं और ईश्वर उन्हें सदैव ऐसी शक्ति प्रदान करते रहें।
