रु. ३,००० से ५०,००० दैनिक कमीशन का झांसा देकर जाल में फंसाया
सुरेश गोलानी / मुंबई
ऑनलाइन टास्क के नाम पर साइबर अपराधियों द्वारा भायंदर में रहने वाले एक ४८ वर्षीय प्रâीलांसर से १२ लाख १६ हजार रुपए ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर भायंदर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पीड़ित के मुताबिक, उन्हें टेलीग्राम नामक क्रॉस-प्लेटफॉर्म मैसेजिंग ऐप के माध्यम से एक अनजान नंबर से मैसेज प्राप्त हुआ, जिसमें घर बैठे ऑनलाइन टास्क के जरिए वेलकम बोनस के अलावा ३,००० से ५०,००० रुपए दैनिक कमीशन कमाने का प्रस्ताव रखा गया था। बहकावे में आकर पीड़ित ने अपनी सहमति जताई, जिसके बाद साइबर ठगों ने उन्हे टास्क ग्रुप में जॉइन करने के नाम पर एक फॉर्म पर व्यक्तिगत और बैंकिंग संबंधित जानकारी भरवा ली। टास्क पाने के लिए निवेश करने की शर्त रखी गई।
ठगों ने पहले विश्वास हासिल किया
पीड़ित का विश्वास हासिल करने के उद्देश्य से साइबर ठगों ने कुछ टास्क दिए और शुरुआत में कुछ पैसे कमीशन के नाम पर उसके बैंक खाते में जमा कर दिए। झांसे में फंसकर पीड़ित ने दो दिनों के भीतर कुल १२ लाख १६ हजार रुपए साइबर ठगों द्वारा दिए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए, लेकिन न तो उसके द्वारा निवेश किए गए पैसे वापस मिले और न ही मुनाफा।
बनाया और पैसे डालने का दबाव
पीड़ित ने जब अपने रुपए मांगे तो ठगों ने उनसे और टास्क पूरा करने के लिए कहा और पहले निवेश किए गए पैसों को मुनाफे के साथ वापस पाने के लिए १० लाख ७६ रुपए ट्रांसफर करने का दबाव बनाया। इसके बाद पीड़ित को एहसास हुआ कि वो ठगी का शिकार हो चुका है और परेशान होकर उसने साइबर क्राइम सेल और भायंदर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की।
पुलिस ने की जनता से अपील
पुलिस ने ठगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान लोगों से सोशल मीडिया साइट्स पर निवेश के बदले भारी मुनाफे का लालच देने वाले पोस्ट से सावधान रहें और किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें।
