मुख्यपृष्ठअपराधनाइट शो फिल्म देख लौट रही युवती से छेड़खानी... विरोध पर बहन को...

नाइट शो फिल्म देख लौट रही युवती से छेड़खानी… विरोध पर बहन को पीटा…बुलेट मोटरसाइकिल से कुचलने का प्रयास…नैनी थाने में एफआईआर दर्ज

राजेश सरकार / प्रयागराज

देर रात सिनेमा देखकर घर लौट रही युवती से छेड़खानी और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने नैनी थाने में तहरीर देकर चार नामजद और तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने अपनी तहरीर में बताया कि मध्यरात्रि में वह अपने दोस्त प्रद्युम्न पाण्डेय के साथ सिनेमा घर से मूवी देखकर घर के पास पहुंची और गेट खुलवाने के लिए अपनी बड़ी बहन को कॉल किया, तभी दो बाइकों पर सवार युवक वहां आ गए। पहली बाइक (बुलेट) पर शुभम निषाद व अंकित पाण्डेय और दूसरी बाइक पर अंकित पासी व एक अज्ञात युवक था। आरोप है कि चारों ने गलत नियत से साथ चलने के लिए जबरदस्ती करने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि उसे गंगापुरम् में एक स्कूल के सामने गली में ले जाकर लात-घूंसों से जमीन पर गिराकर मारा-पीटा गया। शोर सुनकर बड़ी बहन मनोरमा मौके पर आई तो आरोपियों ने उनको भी गाली दी। एफआईआर में बताया गया कि जब दोनों बहनों ने 112 पर कॉल करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनका फोन छीनकर पटक कर तोड़ दिया। इसके बाद बुलेट बाइक से बड़ी बहन को कुचलने का प्रयास किया। इसके बाद बड़ी बहन मनोरमा का बाल पकड़कर रोड पर पटक दिया, जिससे उनको काफी अंदरूनी चोटें आई हैं।
पीड़िता ने तहरीर में कहा है कि यह लोग गैंग बनाकर अपराध करते हैं और इनका आपराधिक इतिहास भी है। पीड़िता के अनुसार, जब 112 की पुलिस मौके पर आई, तभी महिंद्रा थार से 3 युवक आए और आपसी मामला बताकर समझ लेंगे कहकर पुलिस के सामने ही गोली से जान से मारने की धमकी दी। इन्हीं के साथ एक बाइक पर दो अज्ञात युवक दूर से देख रहे थे और अवैध असलहा लिए हुए थे।
पीड़िता अनन्या सिंह ने जान-माल की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कठोर दण्डात्मक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। नैनी थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर शुभम निषाद, अंकित पाण्डेय, अंकित पासी सहित अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

अन्य समाचार