मुख्यपृष्ठखेलधुआंधार पारी खेल, अभिषेक ने जमाया रंग

धुआंधार पारी खेल, अभिषेक ने जमाया रंग

एशिया कप-२०२५ के सुपर-४ के १६वें मुकाबले में कल भारत और बांग्लादेश की टीम के बीच हुए मैच में अभिषेक शर्मा ने ऐसा रंग जमाया कि दर्शक अभिषेक शर्मा के दीवाने हो गए। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का पैâसला किया। मैच के दौरान भारतीय टीम के अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी देखने को मिली। पाकिस्तान के खिलाफ धमाकेदार पारी खेलनेवाले अभिषेक ने बांग्लादेश के खिलाफ खेलते हुए न सिर्फ अर्धशतक लगाया, बल्कि ३७ गेंदों में कुल ७५ रन बनाए। बांग्लादेश के खिलाफ धुआंधार पारी खेलनेवाले अभिषेक की शुरुआत थोड़ी धीमी रही। अपनी पारी की शुरुआत ९ गेंदों पर सिर्फ ९ रन बनानेवाले अभिषेक ने जब मैदान पर एक के बाद एक शॉट लगाना शुरू किया तो उन्हें रोक पाना बांग्लादेशी टीम के लिए बेहद मुश्किल हो गया। चौथे ओवर में एक, जबकि ५वें में उन्होंने दो छक्के मारे। छठे ओवर में मोहम्मद सैफुद्दीन के खिलाफ उन्होंने चार चौके मारे। चौकों और छक्कों की बारिश करते हुए अभिषेक ने २०० के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और मात्र २५ गेंदों में अर्धशतक लगाया। बांग्लादेश के खिलाफ छह चौके और पांच छक्के जड़नेवाले अभिषेक ३७ गेंदों में ७५ रन बनाकर रनआउट हो गए, लेकिन उन्होंने युवराज सिंह के एक रिकॉर्ड को भी इस पारी के दौरान तोड़ दिया। उन्होंने ५वीं बार टी२० इंटरनेशनल क्रिकेट में २५ या उससे कम गेंदों पर फिफ्टी ठोकी है। युवराज सिंह ने ४ ही बार २५ या उससे कम गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया था। अभिषेक ने अभी तक ६ बार फिफ्टी प्लस का स्कोर बनाया है। इसमें दो शतक भी शामिल हैं। २५ या उससे कम गेंदों पर भारत के लिए सबसे ज्यादा ७ फिफ्टी सूर्यकुमार यादव ने मारी है। मैच के दौरान बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे अभिषेक के सामने अपने टी२० इंटरनेशनल करियर में तीसरा शतक लगाने का मौका था, लेकिन सूर्यकुमार यादव के साथ तालमेल खराब होने की वजह से वो रन आउट हो गए।

अन्य समाचार