भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह की मुश्किलें फिर बढ़ती दिख रही हैं। पांच साल पुराने हर्ष फायरिंग कांड ने एक बार फिर सुर्खियां बटोर ली हैं। बिहार के वैशाली जिले के लालगंज में पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के आवास पर हुए इस चर्चित मामले में गुरुवार को अक्षरा हाजीपुर न्यायालय में पेश हुर्इं। मामला २३ अप्रैल २०२१ का है, जब मुन्ना शुक्ला के भतीजे के जनेऊ समारोह में अक्षरा मंच पर प्रस्तुति दे रही थीं। तभी एक बॉडीगार्ड ने कार्बाइन से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वीडियो वायरल होते ही हड़कंप मच गया। ऊपर से कोरोना की दूसरी लहर के बीच समारोह में भीड़ और कोविड नियमों की अनदेखी ने विवाद को और हवा दे दी। पुलिस ने मुन्ना शुक्ला, उनकी पत्नी अनु शुक्ला, बॉडीगार्ड और अक्षरा समेत अन्य लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की थी। मुन्ना के ‘गोली नहीं चलेगी तो अगरबत्ती जलेगी’ वाले बयान ने भी खूब बवाल मचाया था। अब पांच साल बाद अदालत में अक्षरा की पेशी से पुराना मामला फिर गरमा गया है।
