विपक्ष का बड़ा दावा
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर ‘भूकंप’ के संकेत मिल रहे हैं। भाजपा के भीतर चल रही अंदरूनी कलह की आग और भयानक रूप लेने वाली है। भविष्य में यहां बड़ा ‘विस्फोट’ होगा। सूत्रों का दावा है कि भाजपा अब दो गुटों में बंट चुकी है और पार्टी के भीतर मुख्यमंत्री के खिलाफ खुला असंतोष पनप चुका है। भाजपा के भीतर देवेंद्र फडणवीस के विरोधी एक्शन में आ चुके हैं।
राजनीतिक जानकारों ने कहा कि भाजपा में एक ऐसा गुट सक्रिय हो गया है, जो मुख्यमंत्री फडणवीस के नेतृत्व से असहमत है और वह तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने संकेत दिए कि पूर्व राजस्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार की नाराजगी भी इसी अंदरूनी संघर्ष का हिस्सा है और मुख्यमंत्री को इसकी पूरी जानकारी है। भाजपा के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है। आने वाले समय में इसका बड़ा राजनीतिक परिणाम देखने को मिलेगा। जानकारों के अनुसार, राज्य के वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व राजस्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार क्या कर रहे हैं, यह मुख्यमंत्री फडणवीस को भली-भांति पता है। उनके बयान को भाजपा के भीतर चल रहे शीतयुद्ध की पुष्टि के तौर पर देखा जा रहा है। बता दें कि प्रदेश भाजपा की राजनीति में भले ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का सिक्का चलता हो और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सबसे ताकतवर नेता के रूप में जाने जा रहे हैं, लेकिन उनके खिलाफ भाजपा में अब बड़ी नाराजगी देखने को मिल रही है।
नेताओं के आयात से नाराजगी
बाहरी नेताओं को आयात किए जाने और मनमाने ढंग से टिकट बांटे जाने से छोटे स्तर के नेताओं में भी उनके खिलाफ बड़ी नाराजगी उभर कर सामने आई है। बाहरी नेताओं को महत्वपूर्ण पद और मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने को लेकर जहां कई विधायक और पूर्व मंत्री नाराज बताए जा रहे थे, वहीं अब छोटे-छोटे पदाधिकारी भी फडणवीस के मनमाने रवैये से खफा है। उनकी नाराजगी का ‘बम’ किसी भी समय विस्फोट कर सकता है।
