झुंझुनू। राजस्थान में झुंझुनू पुलिस ने एक बार फिर एक बड़ी एटीएम लूट की वारदात होने से टाल दिया है। डेढ महीने में यह तीसरा एटीएम है। जो पुलिस की सतर्कता के कारण लूटने से बच गया। बीती रात को जिले के मुकुंदगढ़ कस्बे में मंडी से झुंझुनूं रोड पर लगा एक्सिस बैंक का एटीएम बदमाशों के निशाने पर था। रात को करीब डेढ बजे ब्लेक स्कॉर्पिओ में सवार होकर आए बदमाशों ने पहले तो एटीएम में लगे कैमरों पर ब्लेक स्प्रे किया। इसके बाद मोटी रस्सी बांधकर स्कॉर्पिओ से एटीएम को एक ही झटके में उखाड़ लिया। जब एटीएम उखाड़ा तो एटीएम रूम में लगे कांच के शीशे टूट गए और तेज आवाज हुई। तेज आवाज से पड़ौसी जग गए। जिन्होंने पुलिस को इत्तला दी कि कोई एटीएम के साथ छेड़छाड़ कर रहा है। पुलिस ने भी बिना कोई वक्त गंवाए गश्त की गाड़ी को मौके पर भेजा। तब तक बदमाश एटीएम मशीन को गाड़ी में डालने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन बार—बार नाकामयाब हो रहे थे। पुलिस की गाड़ी देखकर बदमाश मशीन छोड़कर भाग गए। पुलिस ने बदमाशों का मंडी होते हुए कसेरू अंडरपास और हाइवे पर किया। लेकिन इसके बाद बदमाश पुलिस को चकमा देकर जेजूसर होते हुए गायब हो गए। जिनकी तलाश के लिए अभी भी एक श्रेणी की नाकाबंदी करवाई गई है। बताया जा रहा है कि इस एटीएम में ना केवल पैसे निकालने, बल्कि पैसे जमा कराने की सुविधा भी है। बुधवार को एटीएम में बैंक द्वारा 20 लाख रूपए डाले गए थे। वर्तमान स्थिति बाद में पता चलेगी। एटीएम लूट की कोशिश की सूचना पर बैंककर्मी भी देर रात मौके पर पहुंचे। सीआई ताराचंद ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगी हुई है। एटीएम मशीन क्षतिग्रस्त हुई है। कैश पूरी तरह से सुरक्षित है।
पुलिस के हाथ एटीएम रूम के अंदर का सीसीटीवी फुटेज लगा है। जिसमें बदमाशों से जुड़ा अहम सुराग मिला है। फुटेज में एक बदमाश चेहरा ढककर एटीएम के कैमरों पर स्प्रे करते हुए दिखाई दे रहा है। खास बात यह है कि आरोपी के हाथ में चांदी का कड़ा नजर आ रहा है। जिस पर साफ तौर पर इंग्लिश में राजकुमार नाम लिखा हुआ है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को आशंका है कि बदमाशों के इस गिरोह में राजकुमार नाम का एक सदस्य शामिल हो सकता है।
