– सैकड़ों नेताओं-कार्यकर्ताओं ने छोड़ा साथ
– शिवबंधन बंधवाकर शिवसेना में किया प्रवेश
सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य में महानगरपालिका चुनावों की गहमागहमी के बीच शिंदे गुट को बड़ा झटका लगा है। चुनावों की सरगर्मी के बीच शिंदे गुट के सैकड़ों पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने शिंदे गुट नेतृत्व के प्रति कड़ी नाराजगी जताते हुए शिवसेना में सार्वजनिक रूप से प्रवेश किया है। शनिवार को मातोश्री निवास स्थान पर शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे की उपस्थिति में यह प्रवेश समारोह संपन्न हुआ। उद्धव ठाकरे ने भी इन सभी को शिवबंधन बांधकर पार्टी में स्वागत किया और इन्हें मावला बताते हुए मनपा चुनाव में पूरी शिद्दत से उतरकर पक्ष का काम करने की अपील की। इन पदाधिकारियों में कांदिवली-पूर्व, प्रभाग क्रमांक २८ के हनुमान नगर क्षेत्र से शिंदे गुट की महिला शाखा संगठक अश्विनी पवार, उपशाखाप्रमुख भरत पाटील, विनोद गुजर, विजय यादव, गणेश खंदारे, महेश शर्मा और सुधाकर पाटील शामिल हैं। मुंबई महानगरपालिका चुनाव सिर पर होने के समय शिंदे गुट को लगा यह झटका बेहद अहम माना जा रहा है। एक वरिष्ठ नेता ने विश्वास जताया है कि आनेवाले समय में शिंदे गुट के और कई अन्य नेता और पदाधिकारी भी शिवसेना की मशाल थामेंगे।
