मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
गोंडा जिले के कटरा बाजार में मंगलवार को जीएसटी की बैठक में भाजपाइयों का आपस में विवाद हो गया। कटरा बाजार के भाजपा विधायक बावन सिंह व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भवानी भीख शुक्ला के समर्थक आपस में भिड़ गये। दोनों पक्षों से हुए पथराव में चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। पथराव की सूचना के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस अधिकारी पहुंच गए हैं। शाम करीब चार बजे कटरा विधायक बावन सिंह अपने समर्थकों के साथ ब्लॉक पहुंचे। उनके समर्थक नारेबाजी करने लगे। उधर, ब्लॉक प्रमुख के समर्थक अपने नेता के समर्थन में नारेबाजी करने लगे। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। इससे अफरा तफरी मच गई। पथराव में दोनों पक्षों से चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। मौके पर पुलिस अधिकारी मौके पर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कटरा ब्लॉक सभागार में आयोजित जीएसटी संबंधी कार्यक्रम उस समय बवाल हो गया, जब बीजेपी विधायक बावन सिंह और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि के समर्थक आमने-सामने आ गये। देखते ही देखते माहौल गर्मा गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर नारेबाजी शुरू हो गई। नारेबाजी के बाद स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पथराव और मारपीट होने लगी। अचानक हुए इस हंगामे से सभागार में अफरा तफरी का माहौल हो गया पथराव और मारपीट की इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हालात बिगड़ते देख मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ ही मजिस्ट्रेट और जिले के बड़े अफसर पहुंच गये। पुलिस बल ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत नारेबाजी को लेकर हुई थी, जो बाद में बढ़ते-बढ़ते पथराव और मारपीट में बदल गई। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हालात सामान्य बनाए रखने के लिए भारी फोर्स तैनात कर दी गई है।”
