हिमांशु राज
अरुप हालदार की पुस्तक महाकुंभ – आत्म जागरण से धर्म जागरण तक भारतीय संस्कृति और अध्यात्म की एक अद्भुत महागाथा है, जो प्रयागराज के पावन संगम पर बारह वर्षों में आयोजित होने वाले महाकुंभ को एक जीवंत, सांस लेते हुए महाकाव्य के रूप में प्रस्तुत करती है। यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि हिंदू चेतना का विराट संगम है, जहाँ हर धारणा, हर अनुभूति, और हर आस्था अमृत की खोज में एकाकार हो जाती है।पुस्तक का सबसे प्रभावशाली पक्ष इस तथ्य को उजागर करना है कि यह महाकुंभ केवल मंथन का पर्व नहीं, बल्कि आत्मा के पुनर्जागरण का अनुपम उत्सव है। अरुप हालदार ने एक स्पष्ट, गूढ़, और भावपूर्ण भाषा में यह दर्शाया है कि महाकुंभ वह पवित्र क्षण है जहाँ इतिहास, मिथक, धर्म और विज्ञान एक-दूसरे के साथ घुलमिल जाते हैं। इस पर्व का विस्तृत दार्शनिक संदर्भ, जिसमें समुद्र मंथन की दिव्यता और काल की अनंतता निहित है, पाठक को भीतर तक झकझोर देता है।पुस्तक में ऐसे कई अध्याय हैं जहाँ लेखक अपनी लेखनी की चपलता और कल्पनाशीलता से पाठक को आत्मा की गहराइयों तक ले जाता है, जैसे ही वह बताते हैं कि कैसे करोड़ों श्रद्धालु वहां भेदों को भूलकर, एक मात्र शुद्धता और आध्यात्मिकता के सागर में गोता लगाते हैं। हालदार की इस कृति में रहस्य और सौंदर्य का ऐसा संयोग है कि पढ़ते हुए महसूस होता है कि जैसे सारी प्रकृति और ब्रह्मांड की ऊर्जा उसी पावन संगम में परिमलित हो रही हो।यह पुस्तक एक पावन मिशाल है, जो हमारे भीतर सोई हुई आध्यात्मिक शक्तियों को जागृत करने का सामर्थ्य रखती है। यह न केवल ज्ञानवर्धक है, बल्कि पाठकों के हृदय और आत्मा में भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह का संचार करती है। अरुप हालदार की यह कृति निश्चित ही हर भारतीय और विश्वव्यापी आध्यात्मिक साधक के पुस्तकालय की अनमोल धरोहर बन जाएगी, जो हमें हमारी आंतरिक दिव्यता की खोज में अनंत ऊर्जा प्रदान करती है।
