मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिगुणवंत कामगार सेवा संस्था का सराहनीय पहल, 36 वर्षों से जरूरतमंदों की...

गुणवंत कामगार सेवा संस्था का सराहनीय पहल, 36 वर्षों से जरूरतमंदों की सेवा जारी

अनिल मिश्रा /शहाड

शहाड स्थित सेंच्युरी रेयांन के गणवंत कामगार प्रताप खारकर और विशाल साने द्वारा स्थापित गुणवंत कामगार सेवा संस्था ने एक बार फिर दिवाली के अवसर पर गरीब और जरूरतमंद बच्चों व परिवारों की सेवा का उदाहरण पेश किया। पिछले 36 वर्षों से यह संस्था समाज के पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की मदद कर रही है। रविवार को कल्याण ग्रामीण के पुरोहीत फार्म हाउस, म्हसकल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों और परिवारों को खाद्य सामग्री, कपड़े और घरेलू सामान वितरित किए गए।

इस अवसर पर सेंच्युरी रेयांन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विलास साने ने बताया कि संस्था आदिवासी परिवारों को दत्तक लेकर उनकी शिक्षा का समर्थन कर रही है और दिवाली में बच्चों को कपड़े, पटाखे, खाद्य सामग्री, लेखन सामग्री, बैग, जूते और फीस प्रदान की जाती है। इसके अलावा विधवा महिलाओं को परिवार चलाने और स्वावलंबी बनने के लिए सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई जाती हैं। गरीब लोगों के आँखों के ऑपरेशन भी संस्था के माध्यम से करवाए जाते हैं और रद्दी कागज बेचकर आदिवासी इलाकों में पीने के पानी की व्यवस्था की जाती है।

इस वर्ष पहली बार दीपावली वस्त्र एवं सामग्री वितरण कार्यक्रम में संस्था के कार्यकर्ताओं के अलावा सेंच्युरी रेयांन के यूनिट हेड दिग्विजय पांडेय, मिलिंद भांडारकर, हिवरे, विलास साने, प्रताप खारकर, जितेंद्र पंडित, रवींद्र चव्हाण और मोटवानी ने भाग लिया। संस्था में करीब तीन सौ से अधिक लोग हाथ बटाते हैं। यह पहल स्थानीय समाज में सेवा और मानवीय मूल्यों का उज्जवल उदाहरण प्रस्तुत करती है और लोगों में उत्साह व सहयोग की भावना बढ़ाती है।

अन्य समाचार