सुरेश गोलानी / मुंबई
मतदाता सूची के फॉर्म ६ में कथित रूप से अनधिकृत बदलाव और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) प्रक्रिया को लेकर मीरा-भायंदर कांग्रेस ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाते हुए कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रविवार को मीरा रोड स्टेशन पर इकट्ठा होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस पार्टी के सोशल मीडिया जिला अध्यक्ष दीपक बागरी ने मीडिया को संबोधित करते हुए फॉर्म ६ के प्रारूप पर सीधा सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि फॉर्म ६ में यह बदलाव किसकी अनुमति से किया गया है? ऑनलाइन और ऑफलाइन फॉर्म के प्रारूप में अंतर क्यों है?’ बागरी ने दावा किया कि चुनाव आयोग की इस अस्पष्टता के कारण अकेले मीरा-भायंदर क्षेत्र के २.१३ लाख से अधिक मतदाताओं में असमंजस और भ्रम का माहौल बना हुआ है। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर ‘वोट चोरी बंद करो!’, ‘चुनाव आयोग जवाब दो!’ और ‘चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो!’ जैसे नारे लगाए। मीरा-भायंदर कांग्रेस कमेटी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि वोट हर नागरिक का संवैधानिक और मौलिक अधिकार है। आम जनता से उनकी पात्रता पर सवाल पूछने से पहले चुनाव आयोग को खुद फॉर्म ६ और एसआईआर प्रक्रिया पर उठ रहे विवादों का जवाब देना होगा।
‘वोट चोरी’ के नारों से गूंजा मीरा रोड
मीरा रोड स्टेशन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसआईआर और फॉर्म-६ को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग से प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की। साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की।
