-तुर्की का बायकर के २ बेड़े में शामिल, २०० किलो वॉरहेड और स्वार्म क्षमता से भारत की चिंता बढ़ी
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
पाकिस्तान ने तुर्की में बने लंबी दूरी के बायकर के२ कामिकेज ड्रोन को अपने बेड़े में शामिल किया है। इसकी मारक दूरी २,००० किलोमीटर से अधिक बताई गई है और यह करीब २०० किलोग्राम तक का वॉरहेड ले जा सकता है। निर्माता बायकर के मुताबिक, के२ को इलेक्ट्रॉनिक युद्ध और जीएनएसएस बाधित माहौल में भी काम करने के लिए विकसित किया गया है। इसमें स्वार्म ऑपरेशन, स्वचालित नेविगेशन और विजुअल टारगेटिंग जैसी क्षमताएं हैं।
रिपोर्टों के मुताबिक, पाकिस्तान में इसकी तैनाती भारतीय सुरक्षा योजनाकारों के लिए नई चुनौती बन सकती है, क्योंकि इतनी लंबी रेंज वाला ड्रोन पश्चिमी सीमा से भारत के भीतर गहराई तक पहुंचने में सक्षम हो सकता है। हालांकि, वास्तविक तैनाती, संख्या और ऑपरेशनल कॉन्फिगरेशन सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं हैं।
समूह में उड़ान भरने की क्षमता के२ की खासियत
के२ की खासियत सिर्फ दूरी नहीं, बल्कि एक साथ कई ड्रोन के समूह में उड़ान भरने की क्षमता भी है। बायकर ने मार्च २०२६ में पांच के२ ड्रोन के साथ स्वार्म परीक्षण सफल होने की घोषणा की थी। यूक्रेन युद्ध ने दिखाया है कि कम लागत वाले लंबी दूरी के ड्रोन रणनीतिक ठिकानों और एयर डिफेंस पर दबाव बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसी कारण पाकिस्तान की इस नई क्षमता को भारत के लिए केवल एक और ड्रोन खरीद नहीं, बल्कि डीप-स्ट्राइक और एयर-डिफेंस चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।
