हिमांशु राज़
बॉलीवुड अभिनेत्री, निर्माता और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता की मुखर आवाज दीपिका पादुकोण ने अपने जन्मदिन को सामाजिक अर्थ देने का खूबसूरत तरीका चुना। उन्होंने अपनी नई पहल ‘द ऑनसेट प्रोग्राम’ की शुरुआत की है, जो भारत और विदेशों के युवा क्रिएटिव प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने का सुनहरा अवसर देगा।सच्ची कहानियों और नए टैलेंट को मंच देने की अपनी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए दीपिका ने इस कार्यक्रम को अपने “क्रिएट विथ मी ” प्लेटफॉर्म का अगला कदम बताया है। ‘द ऑनसेट प्रोग्राम’ उन क्रिएटिव्स के लिए है जो भारतीय फिल्म, टेलीविजन और विज्ञापन इंडस्ट्री में अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं। इस मंच के ज़रिए उन्हें अपनी कला को दिखाने, सुनाने और अनुभव कराने का मौका मिलेगा।प्रोग्राम के पहले चरण में लेखन, निर्देशन, सिनेमैटोग्राफी, लाइट डिज़ाइन, एडिटिंग, साउंड, आर्ट, कॉस्ट्यूम डिज़ाइन, हेयर स्टाइलिंग, मेकअप और प्रोडक्शन जैसे क्षेत्रों के उम्मीदवार शामिल किए जाएंगे। यह पहल न केवल सीखने का अवसर देगी बल्कि उन लोगों को भी आगे बढ़ने का मंच बनेगी जिनके पास अनुभव और हुनर तो है, पर उन्हें सही प्लेटफॉर्म नहीं मिल पाया।दीपिका ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर कार्यक्रम का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि वे पिछले एक साल से देश और विदेश के युवा क्रिएटिव टैलेंट को पहचानने की गहरी इच्छा महसूस कर रही थीं। अब इस पहल के ज़रिए वे नई पीढ़ी की रचनात्मक आवाज़ों को सामने लाने के लिए उत्साहित हैं।द ऑनसेट प्रोग्राम से जुड़ने और अपना काम साझा करने के लिए लोग ऑनसेट प्रोग्राम इन पर आवेदन कर सकते हैं। यह पहल आने वाले समय में भारतीय क्रिएटिव इंडस्ट्री में नए और कल्पनाशील चेहरों की पहचान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
