सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य के आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर राकांपा प्रमुख शरदचंद्र पवार से विधायक डॉ. जीतेंद्र आव्हाड और पार्टी सचिव सैय्यद अली अशरफ ने मुलाकात की। यह बैठक ठाणे, मुंब्रा और कलवा की राजनीतिक रणनीति पर केंद्रित रही।
सैय्यद अली अशरफ ने बताया कि इस मुलाकात में केवल संगठनात्मक विषयों पर ही नहीं, बल्कि राज्य की मौजूदा परिस्थितियों पर भी गहन चर्चा हुई।
बातचीत के दौरान कानून व्यवस्था, युवाओं के रोजगार, समाज में बढ़ती असमानता और नफरत जैसे विषय प्रमुख रहे। बैठक में शरद पवार ने कहा कि जनता की सेवा ही राजनीति का वास्तविक उद्देश्य होना चाहिए, लेकिन आज जिस प्रकार की राजनीति हो रही है, वह निंदनीय है। उन्होंने आगे कहा कि आगामी चुनाव चुनौतीपूर्ण रहेंगे और कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जुटना होगा। ठाणे मनपा की स्थिति पर चर्चा के दौरान पवार ने डॉ. आव्हाड के कार्यों और उनकी रणनीति पर संतोष व्यक्त किया।
