– रफ्तार बढ़ाने को अन्य कर्मचारियों से सहयोग लेने का दिया आदेश
राजेश सरकार / प्रयागराज
मतदाता सूची विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआइआर) में लगे बीएलओ ड्यूटी पूरी तरह निभाते नहीं दिखाई दे रहे हैं। शहर ही नहीं गंगा और यमुना पार में भी अभियान की गति बढ़ाई जाने की सख्त जरूरत है। बीएलओ ऐसे भी बनाए गए हैं जिनके नाम पर उनके पति और अन्य परिजन केंद्र सरकार के इस सर्वोच्च प्राथमिकता वाले अभियान में लगे हैं। परिसीमन में जिन ग्राम पंचायत व ग्राम सभाओं को नगर निगम सीमा में शामिल कर वार्ड बनाया गया हैं, वहां बीएलओ घर-घर जाकर फार्म बांटने और कलेक्ट करने में बिल्कुल रुचि नहीं रखते बल्कि किसी पहचान वाले घर, चाय-पान की दुकानों पर डेरा डाले फार्म लेने और जमा करने वालों का इंतजार करते दिखाई देते हैं। शिकायतें मिलने से धीमी गति वाले मतदाता सूची विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआइआर) वाले बूथों पर जिलाधिकारी सोमवार को धमक पड़े। उन्होंने शहर में अग्रसेन इण्टर कालेज एवं अन्य बूथों पर पहुंचकर मतदाताओं के फॉर्मो का वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सभी सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी मनीष वर्मा को शहर में कई ऐसे बूथों के बारे में गोपनीय जानकारी मिली है जहां पर कार्य के प्रति उदासीनता बरतने तथा फार्म के कम डिजिटाइजेशन हो रहे हैं। शुरुआत में ही शिकायतें मिलने को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने उन बूथों का निरीक्षण किया। साथ ही ऐसे बूथों पर एसआईआर की धीमी प्रगति के कारणों की जानकारी लेते हुए संबंधित बीएलओ एवं अधिकारियों को इसमें सुधार लाने व तेजी लाने का दिशा निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने धीमी प्रगति वाले बूथों पर बीएलओ के सहयोग के लिए अन्य कर्मचारी भी लगाये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।मतदाताओं से जल्द से जल्द अपना फार्म बीएलओं को उपलब्ध कराये जाने का अनुरोध किया है। बीएलओ को घर-घर संपर्क अभियान बढ़ाए जाने एवं मतदाताओं से फॉर्म भरवाकर उन्हें संग्रहित करने और उनकों डिजिटाइज किए जाने के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। बूथ पर लोगों से बात कर उनकी समस्याएं भी जानी तथा उन्हें फॉर्म भरने की प्रक्रिया एवं आवश्यक निर्देशों की भी जानकारी दी। इस दौरान जॉइंट मैजिस्ट्रेट अनिमेष वर्मा, उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
