मुख्यपृष्ठनए समाचारटूटो मत, फूटो मत... उद्धव ठाकरे की महाराष्ट्र से अपील

टूटो मत, फूटो मत… उद्धव ठाकरे की महाराष्ट्र से अपील

सामना संवाददाता / मुंबई

संकट के समय में हम महाराष्ट्र के लोग एकजुट हो जाते हैं, लेकिन संकट मिटते ही हम आपस में लड़ने लगते हैं। ऐसी गलती बिल्कुल भी मत करना। अभी से आंखें खोल लो और जाग जाओ। फूट डालनेवालों से सतर्क रहो। किसी पर अन्याय मत करो, लेकिन अगर कोई तुम पर हाथ उठाए तो उस हाथ को सलामत मत रहने दो, ऐसा कहते हुए शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने ‘टूटो मत, बिखरो मत यह अपील महाराष्ट्र के लोगों से की।
राज्य की महायुति सरकार की त्रिभाषा जबरदस्ती के खिलाफ महाराष्ट्र की एकजुटता का विजयी सम्मेलन कल वर्ली डोम में संपन्न हुआ। इस मौके पर उपस्थित जनसैलाब का मार्गदर्शन करते हुए शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र के मुद्दे पर एकजुटता दिखानेवाले सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कई वर्षों बाद राज ठाकरे और मेरी मुलाकात मंच पर हुई। उन्होंने मुझे माननीय उद्धव ठाकरे कहकर संबोधित किया। उद्धव ठाकरे ने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद ३७० हटाने के लिए शिवसेना ने समर्थन दिया था, तब उन्होंने एक निशान, एक प्रधान, एक विधान यह नारा दिया था। यह सही है। देश एक होना चाहिए, संविधान एक होना चाहिए। झंडा भी एक ही होना चाहिए और वह झंडा हमारा तिरंगा होना चाहिए। बर्तन पोंछने वाला कपड़े जैसा भाजपाई झंडा हमारा राष्ट्रध्वज नहीं है, ऐसे तीखे शब्दों में उद्धव ठाकरे ने सत्ताधारी भाजपा को लताड़ लगाई।
मैंने महाराष्ट्र में मराठी अनिवार्य की
मैं गर्व से कहूंगा कि मेरे मंत्रिमंडल के सहयोगी यहां बैठे हैं। जब मैं मुख्यमंत्री था, तब महाराष्ट्र में मराठी की अनिवार्यता लागू की थी। मुझे इस पर गर्व है और तुमने क्या किया? महाराष्ट्र में मराठी की अनिवार्यता क्यों करनी पड़ी? कौन हमारे महाराष्ट्र का दुश्मन है?
उद्धव ठाकरे ने कहा कि ये लोग हम पर आरोप लगाते हैं, लेकिन २०१४ के बाद जो महाराष्ट्र और मुंबई के टुकड़े किए गए, मुंबई और महाराष्ट्र से सारे उद्योग-धंधे बाहर भेज दिए गए, आर्थिक केंद्र खत्म कर दिए गए, हीरे का कारोबार चला गया, बड़ी-बड़ी ऑफिसें चली गर्इं। हमारे समय में महाराष्ट्र में उद्योग आते थे, वे कहां गए? तो क्या वही हिंदुस्थान है और वही हिंदू हैं? उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि हमने सब कुछ किया, लेकिन तुमने हमारे बीच गद्दारी करवाई। हमारी सरकार गिराई। वहां तुम्हारे जो दो आका बैठे हैं, उन व्यापारियों के जूते चाटने के लिए तुम यह सब कर रहे हो, ऐसा जोरदार हमला उद्धव ठाकरे ने बोला।
पाखंड से हमें डर नहीं, प्रबोधनकार के वंशज हैं
उद्धव ठाकरे ने कहा कि हम एक साथ आए हैं, एक साथ रहेंगे। मुझे पता है कि कई पाखंडी बाबा, महाराज अभी व्यस्त होंगे। कोई नींबू काट रहा होगा, कोई पिन चुभो रहा होगा, कोई गांव-गांव जाकर हवन-धूप कर रहा होगा, कोई बलि दे रहा होगा। उन सबको मैं कहता हूं कि हमारे दादाजी ने इसी पाखंड के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। आज मैं प्रबोधनकार ठाकरे के वंशज के रूप में आपके सामने खड़ा हूं।
हमारे ‘म’ का मतलब, मनपा ही नहीं महाराष्ट्र भी है
उन्होंने कहा कि हर बार कुछ न कुछ झगड़े लगाए जाते हैं। हम एक साथ आए हैं, लेकिन चुनाव तक साथ रहेंगे क्या? कुछ लोग ऐसा सवाल उठा रहे हैं। कुछ लोग कहते हैं कि इनका ‘म’ मराठी का नहीं, बल्कि महानगरपालिका का है। अरे, हमारा ‘म’ केवल महानगरपालिका का नहीं बल्कि महाराष्ट्र का भी है। हम महाराष्ट्र भी जीतेंगे। सत्ता आती-जाती रहती है, लेकिन हमारी ताकत हमारी एकजुटता हमेशा बनी रहनी चाहिए।

अन्य समाचार