राधेश्याम सिंह / वसई
नालासोपारा में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ तुलिंज पुलिस की एंटी टेरर सेल (एटीसी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाइजीरियन महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से ४ करोड़ ८३ लाख १० हजार रुपए मूल्य की कोकेन और एमडीएमए (एक्स्टसी) टैबलेट बरामद की हैं। शुरुआती जांच में यह मामला अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़ा होने की आशंका के बीच पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, २१ जुलाई की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि नालासोपारा-पूर्व के नारियानगर स्थित वैष्णवी अपार्टमेंट के एक फ्लैट में विदेशी नागरिक मादक पदार्थों की बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एटीसी टीम ने छापा मारकर २६ वर्षीय नाइजीरियन महिला ओमोरोगबे मेरिट एनाघेडे को हिरासत में लिया। उसके पास से ६६३ ग्राम कोकेन, जिसकी कीमत ३ करोड़ ३१ लाख ५० हजार रुपए, तथा १ किलो १० ग्राम एमडीएमए (एक्स्टसी) टैबलेट, जिसकी कीमत १ करोड़ ५१ लाख ५० हजार रुपए, बरामद की गई। जब्त मादक पदार्थों का कुल मूल्य ४ करोड़ ८३ लाख १० हजार रुपए आंका गया है।
