रवींद्र मिश्रा / मुंबई
कर्नाटक के सिनेमाघरों में धूम मचानेवाली फिल्म ‘बेगुर कालोनी’ अब शीघ्र ही हिंदी पर्दे पर दर्शकों को देखने को मिलेगी। हिंदी भाषा में डबिंग के निर्देशक रौनक मोसेस जानुमाला ने बताया कि दक्षिण भारत के प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता फ्लाइंग किंग मंजू के शानदार अभिनय, दिल को छू जानेवाली कहानी तथा कुशल निर्देशन में यह फिल्म बनाई गई है। ़इस फिल्म ने कर्नाटक के सिनेमाघरों में १०० दिन चलकर वहां धूम मचा दिया।
फिल्मी दुनिया के प्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन द्वारा गाए गए गीतों को दर्शकों द्वारा खूब सराहा जा रहा है। ‘भारत रत्न’ डॉ. भीमराव बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा रचित भारतीय संविधान को सम्मान के उद्देश्य से बनाई गई इस फिल्म को दादा साहब फालके पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। फ्लाइंग किंग मंजू तथा अभिनेता राजीव हानू के शानदार अभिनय ने इस फिल्म को यादगार बना दिया है। इस फिल्म को कन्नड़ में मिली जबरदस्त सफलता और दर्शकों की मांग को देखते हुए अब यह फिल्म हिंदी में रिलीज की जा रही है। हिंदी फिल्म डबिंग निर्देशक रौनक मोसेस जानुमाला के कुशल निर्देशन में तैयार की जा रही है। इस प्रोजेक्ट में सतीश भट्टू अहिरे हेड ऑफ प्रोडक्शन हैं। यह हिंदी संस्करण जे.ए.डी प्रोडक्शंस और रिदम फिल्म्स के बैनर तले तैयार की जा रही है। यह फिल्म शीघ्र ही पैन इंडिया स्तर पर ओटीटी और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर रिलीज की जाएगी।
