मुख्यपृष्ठनए समाचारकोडरमा में मीड डे मील भोजन खाने के बाद चार दर्जन स्कूली...

कोडरमा में मीड डे मील भोजन खाने के बाद चार दर्जन स्कूली बच्चे हुए बीमार…अस्पताल में भर्ती

 अनिल मिश्र / रांची

झारखंड प्रदेश के कोडरमा जिला अंतर्गत मरकच्चो प्रखंड के जामु स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में मध्याह्न भोजन का खाना खाने के बाद तकरीबन चार दर्जन (48 )बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। दोपहर का खाना खाने के बाद बच्चों को उल्टी और पेट में दर्द होने लगा।इस शिकायत के बाद सभी बच्चों को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।इस बीच अस्पताल में इलाज के बाद सभी बच्चों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।हालांकि एहतियात के तौर पर बच्चों को अभी भी चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक स्कूल में आज बुधवार को मध्याह्न भोजन के तहत चावल, दाल और आलू सोयाबीन की सब्जी बनी थी। जिसे खाने के बाद बच्चों को पेट में दर्द होने लगा और कुछ बच्चे उल्टी भी करने लगे।इस बीच बच्चों की खराब स्थिति को देखते हुए शिक्षकों ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया. इधर बच्चों के बीमार होने की सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे और अपने बच्चों का हाल चाल लिया। बुधवार को स्कूल में 62 बच्चे उपस्थित थे। जिनमें 48 बच्चे खाना खाने के बाद फूड पॉइजनिंग के शिकार हुए हैं। इस घटना की सूचना मिलने के बाद मरकच्चो प्रखंड के आला अधिकारी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी भी स्कूल और अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी लिए। वही इस मामले को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी अजय कुमार ने कहा कि सभी बच्चों का स्थिति सामान्य है।उन्होंने कहा कि शायद चावल थोड़ा कच्चा रहा होगा, जिससे थोड़ी समस्या हुई है।जिसे देखते हुए बाकी बच्चे भी पैनिक हो गए। वहीं रसोइया द्वारा पुराने चावल की बात पर कहा कि यह जांच के बाद पता चलेगा। इस घटना को लेकर अंचलाधिकारी ने कहा कि मामले की सूचना पर अस्पताल पहुंचकर बच्चों का हालचाल लिया। वहीं रसोइया ने बताया कि खाना खाने के बाद उन्हें भी समस्या हुई है। जिसे लेकर वो भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंची है।

अन्य समाचार