राजेश सरकार
प्रयागराज। पड़ोसी जिले प्रतापगढ़ की कुण्डा पुलिस ने बुधवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के करीबी गुलशन यादव के प्रयागराज स्थित आलीशान मकान को कुर्क कर दिया है। पुलिस की यह बड़ी कार्यवाही शहर के कर्नलगंज थानांतर्गत मोतीलाल नेहरू रोड स्थित उसके चार करोड़ के मकान के विरुद्ध की गई। गुलशन पर कुण्डा थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के तहत मकान कुर्क किया गया। यह मकान उसके और उसकी पत्नी सीमा के नाम से रजिस्टर्ड है। कुंडा पुलिस फोर्स बुधवार शाम को प्रयागराज पहुंची और मकान के इर्द-गिर्द डुगडुगी बजाकर कुर्की की कार्यवाही पूरी की। मकान के सामने बोर्ड लगा कर नोटिस चस्पा दी गई है। पुलिस के अनुसार गुलशन ने यह मकान जरायम की कमाई से बनाया है। गुलशन यादव पर पुलिस ने एक लाख का ईनाम रखा है।
पुलिस ने उसकी अवैध कमाई से अर्जित मानी जा रही संपत्ति की जांच रिपोर्ट शासन को भेजी थी। इसमें सामने आया
कि प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू रोड स्थित गुलशन यादव का मकान अपराध की कमाई से खरीदा गया है। इसके बाद
जिला मजिस्ट्रेट ने 4 करोड़ 10 लाख रुपए संपत्ति को कुर्क करने का आदेश जारी किया। गुलशन यादव प्रतापगढ़ की
राजनीति में एक समय बेहद प्रभावशाली चेहरा रहा है।
वह प्रतापगढ़ में सपा का कार्यवाहक जिलाध्यक्ष है। उसे अखिलेश यादव का करीबी माना जाता है। कई गंभीर मामलों में उसका नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट लगाया था। मानिकपुर थाना क्षेत्र के मऊदारा गांव निवासी गुलशन लगभग एक दशक से अधिक समय से समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए हैं। वर्तमान में वह प्रतापगढ़ में सपा के कार्यवाहक जिला अध्यक्ष हैं। उनको समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव का काफी करीबी माना जाता है। सोशल मीडिया पर अखिलेश के साथ उनकी कई तस्वीरें वायरल हो चुकी हैं।
