• मातहत अफसरों के साथ औचक निरीक्षण में सामने आया ‘सच’
•डेंगू वार्ड में भर्ती दिखे सामान्य मरीज
विक्रम सिंह / सुल्तानपुर
यूपी के सुलतानपुर जिले का चिकित्सातंत्र कुप्रबंध व अव्यवस्था की लपेटे में है। मंगलवार को जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने ट्रेनी आईएएस रिदम आनंद व अन्य मातहतों के साथ जयसिंहपुर के सरकारी अस्पताल यानी सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। जहां गंदगी के साथ-साथ सबकुछ अव्यवस्थित नजर आया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, उपस्थिति पंजिका और दवाओं की एक्सपायरी डेट की गहन जांच की गई। ड्रेसिंग रूम गंदा मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित डॉक्टर को फटकार लगाई। तत्काल सफाई के निर्देश दिये। डीएम को मौजूद चिकित्सक ने बताया कि कुल ६५ मरीजों का दोपहर तक उपचार किया गया है लेकिन अस्पताल परिसर में गंदगी का ये आलम कि औषधि वितरण कक्ष का वाशबेसिन तक गंदा मिला। रेफ्रिजरेटर का तापमान मानक से बाहर मिला। जिस पर फ़ार्मासिस्ट को कड़ी चेतावनी दी गई। दवा स्टॉक रूम में निरीक्षण के दौरान हेपेरॉन और ओबीडॉन दवाओं की उपलब्धता स्टॉक पंजिका मेल खाती नहीं मिली । इस पर डीएम ने फ़ार्मासिस्ट को डपटा।पंजिका दुरुस्त करने का निर्देश दिया। वहीं डेंगू वार्ड में सामान्य मरीज भर्ती दिखाई दिये। जिलाधिकारी ने तत्काल मरीजों को शिफ्ट करने के आदेश दिए। साथ ही मरीजों से भोजन, दवाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के संबंध में भी जानकारी ली।
