मुख्यपृष्ठखबरेंसम्पत्ति के लिए पूरे परिवार का काम तमाम किया ...आरोपी ने हिरासत...

सम्पत्ति के लिए पूरे परिवार का काम तमाम किया …आरोपी ने हिरासत में उगला सच

राजेश सरकार / प्रयागराज
यूपी के प्रयागराज में छोटे भाई को गोली मारकर घायल करने वाले आरोपी ने पकड़े जाने पर पुलिस के समक्ष हैरान करने वाला सच कबूला कि उसने अपने पिता, बहन और भांजी की हत्या कर लाशें कुंए में फेंक दी है। पुलिस अब तीनों की लाशें बरामद करने में जुटी है। आरोपी ने पकड़े जाने पर यह भी कहा कि छोटे भाई को अपने नाम की जमीन लिख देने से वह पिता, बहन और भाई से नाराज था। बदले लेने के लिए उसने चारों का काम तमाम करने की योजना बनाई थी लेकिन गोली लगने के बाद भी भाई बच गया। सम्पत्ति के लिए परिवार का सफाया करने का सनसनीखेज मामला प्रयागराज के गंगानगर जोन में मऊआइमा थानाक्षेत्र के लोकपुर बिसानी गांव का है। पिता, बहन और भांजी तीनों शुक्रवार की रात से घर से लापता थे।

आरोप लगाया गया था कि बड़े बेटे मुकेश पटेल ने अपने पिता राम सिंह (55) बहन साधना देवी (21) और भांजी आस्था (14) को अगवा कर लिया। आस्था मुकेश पटेल की बड़ी बहन किरण की बेटी है। तीनों की तलाश में पुलिस शुक्रवार से ही गांव और आसपास सर्च ऑपरेशन चलाई थी। आरोपी मुकेश की तलाश में जुटी पुलिस ने उसे सोमवार को पकड़ लिया। उसने पूछताछ में बताया कि लापता तीनों की हत्या कर लाशें एक कुएं में फेंकी दी है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस तीनों लाशें बरामद करने में लगी थी। शनिवार को गांव के राम सिंह के बड़े बेटे मुकेश पटेल ने अपने छोटे भाई मुकुंद लाल पटेल को संपत्ति के विवाद में जान से मारने की नीयत से गोली मार दी। गोली मुकुंद के एक कंधे में लगी थी। स्थानीय पुलिस उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गई थी।

इस बीच राम सिंह उसकी बेटी और नातिन संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई। मुकुंद को साथ लेकर मौके पर पहुंची पुलिस ताला तोड़कर घर में घुसी तो अंदर बिस्तर पर खून फैला हुआ मिला। इससे शक और गहरा गया। तीनों की तलाश में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया। ड्रोन की मदद ली लेकिन तीनों का कहीं पता नहीं चल सका। पिता राम सिंह का मोबाइल भी स्विच ऑफ बता रहा था। गांव वालों का कहना था कि बड़े भाई मुकेश ने ही तीनों का अपहरण किया है। बता दें कि आरोपी मुकेश पटेल अपनी पत्नी के साथ परिवार से अलग रहता था। राम सिंह उसकी बेटी साधना और बड़ी बेटी किरण की पुत्री आस्था एक साथ मुकुंद लाल पटेल के साथ रहते थे। राम सिंह ने अपने हिस्से की जायदाद मुकुंद लाल पटेल को लिख दी थी। इसी से मुकेश पटेल आग बबूला हो उठा था। एसीपी विवेक यादव ने बताया कि आरोपी के कबूलनामा के बाद पुलिस की एक टीम मृतकों के शवों को बरामद करने में लगी है।

अन्य समाचार