उत्तराखंड के हरिद्वार में एक गर्भवती महिला को अस्पताल के फर्श पर ही बच्चे को जन्म देने के लिए मजबूर होना पड़ा। क्योंकि स्टाफ ने कथित तौर पर मदद करने से इनकार कर दिया। घटना से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा है। विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने इसे लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं, अस्पताल प्रशासन पर कार्रवाई भी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली ये महिला मंगलवार, ३० सितंबर की देर रात अस्पताल पहुंची थी। लेकिन भर्ती करने से कथित तौर पर मना कर दिया गया। महिला के परिवार वालों का आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने ये कहकर इलाज करने से इनकार कर दिया कि यहां डिलिवरी नहीं हो पाएगी। एक रिपोर्ट की मानें तो महिला रात ९:३० बजे अस्पताल पहुंची थी। आरोप है कि वो अस्पताल के फर्श पर दर्द से तड़पती रही और अंतत: १:३० बजे उसने सबके सामने बच्चे को जन्म दिया। जबकि उसे कोई चिकित्सा सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई। अगली सुबह अस्पताल पहुंची महिला की एक परिजन सोनी ने अपनी आपबीती सुनाई।
`भाजपा सरकार, लोगों का बुरा हाल’
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें महिला जमीन पर पड़ी दर्द से चीख रही है और उसकी एक रिश्तेदार उसे पीछे से पकड़े हुए है। आस-पास कोई अस्पताल कर्मचारी नजर नहीं आ रहा है। मामले पर कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए लिखा, `उत्तराखंड में इंसानियत शर्मसार। भाजपा सरकार में लोगों का बुरा हाल है। जनता रो रही है, परेशान है, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही।
