दंगल गर्ल फातिमा सना शेख ने आमिर खान की बेटी के किरदार से खास पहचान बनाई थी। हाल ही में बातचीत के दौरान उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच जैसे संवेदनशील मुद्दे पर अपनी राय साझा की है। एक्ट्रेस का मानना है कि बॉलीवुड में इस तरह की समस्याएं पहले मौजूद रही हैं, लेकिन मी टू अभियान के बाद हालात में काफी बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि अब इंडस्ट्री में लोग पहले से ज्यादा जिम्मेदार हो गए हैं और ऐसे मामलों को लेकर डर भी है। सेट पर शिकायत दर्ज कराने के लिए यूनिट्स मौजूद हैं और शिकायतों को गंभीरता से लिया जाता है। फातिमा ने यह भी साफ किया कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से अब तक किसी बड़े गलत अनुभव का सामना नहीं करना पड़ा है। उनके मुताबिक, कास्टिंग काउच सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री तक सीमित नहीं है, कॉर्पोरेट जगत में भी ऐसी घटनाएं होती हैं। उन्होंने कॉर्पोरेट सेक्टर में पॉश कानून की सराहना करते हुए कहा कि वहां शिकायत और कार्रवाई की स्पष्ट व्यवस्था है।
