कहते हैं सपने वो होते हैं, जो इंसान को सोने नहीं देते। कुछ इसी तरह का हौसला लेकर वृंदावन से मायानगरी में दस्तक देने आ रहे युवा उद्यमी एवं अभिनेता नरेश सिसोदिया अब शून्य को पीछे छोड़ते हुए शिखर पर काबिज होने का पूरा खाका तैयार कर चुके हैं। प्रस्तुत है सोम मिश्रा ‘शिवम’ से अभिनेता नरेश सिसोदिया की हुई बातचीत के प्रमुख अंश-
म्यूजिक इंडस्ट्री में आपका पहला कदम कब आकार ले रहा है?
बहुत जल्द हम एक म्यूजिक कंपनी लॉन्च करने जा रहे हैं, जिसमें बॉलीवुड के कई बड़े सिंगर और सितारों को हम साथ लेकर आ रहे हैं और हमारा पहला गाना संभवत: दिवाली से पहले लॉन्च करने की तैयारी है। जो आपको हमारे इन्वेस्टो म्यूजिक चैनल पर दिखाई देगा। इसके साथ ही हम इन्वेस्टो भक्ति चैनल भी ले कर आ रहे हैं। इसके अलावा हमारा फिल्म प्रोडक्शन भी शुरू हो चुका है, जहां आपको बेहतरीन सिनेमा देखने को मिलेगा।
रियल एस्टेट के साथ म्यूजिक की दुनिया में कदम रखने का निर्णय आखिर क्यों लिया?
मैं संगीत की दुनिया में कुछ नया करने आया हूं, जहां मैं नई उभरती प्रतिभाओं को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहता हूं। जिससे उन्हें जीवन में अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए इन्वेस्टो का एक बेहतरीन मंच मिल सके।
फिल्मी दुनिया में आने की प्रेरणा आपको कहां से मिली?
फिल्मी दुनिया में आने के लिए मुझे प्रेरणा अपनी मां से मिली। मेरी मां अक्सर मुझे बचपन से एक हीरो की तरह जीने के लिए प्रेरित करती थीं, ताकि मैं जरूरतमंदों की मदद कर सकूं। मैंने उन्हीं की प्रेरणा को जीवंत करने के लिए इन्वेस्टो कंपनी का निर्माण किया जो आज मुझे वृंदावन (मथुरा) के एक साधारण परिवार से निकालकर सितारों की दुनिया में मायानगरी तक खींच लाई।
जीवन में कोई ऐसी घटना जिसने आपको प्रभावित किया हो?
मेरी मां का असमय इस दुनिया से जाना, जो मेरे जीवन का सबसे बड़ा टर्निंग प्वॉइंट रहा। मैं आज भी अपनी मां की दुआओं को महसूस करता हूं और यह उन्हीं की दुआओं का असर है, जो मैं आज समाज को जोड़ने के लिए एक बड़ा मंच स्थापित करने में कामयाब हो रहा हूं।
एक कारोबारी के लिए सिनेमा में अभिनय करना कितना आसान होगा?
एक इंसान के लिए कुछ भी असंभव नहीं होता। वैसे भी किसी को किसी एक परिधि में बांधे रखना उचित नहीं होगा। मेरा मानना है जीवन में चुनौतियों को स्वीकार करते हुए व्यक्ति को आगे बढ़ते रहना चाहिए। इसलिए एक कारोबारी का ठप्पा लग जाने से उसकी प्रतिभा कभी कमजोर नहीं होती। मैं हमेशा दिल की सुनता हूं जो उचित लगता है खुद को और समाज हित में उसे पूरा करने का प्रयास करता हूं।
रियल एस्टेट, फाइनेंस और अब सिनेमा के बाद आपका अगला कदम किस क्षेत्र में होगा?
मेरी कंपनी इन्वेस्टो के भारत में संपूर्ण विस्तार के बाद दुबई में इन्वेस्टो का विस्तार ही मेरी पहली प्राथमिकता होगी।
