मुख्यपृष्ठनए समाचारकाशी में इटली के कपल ने हिंदू रीति से लिए सात फेरे,...

काशी में इटली के कपल ने हिंदू रीति से लिए सात फेरे, अंग्रेजी में समझा सात वचनों का अर्थ

 

उमेश गुप्ता/वाराणसी

काशी की पवित्र भूमि पर ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। इटली से आए कपल एंटोलिया और ग्लोरियस ने यहां नवदुर्गा मंदिर में पूरे हिंदू रीति-रिवाजों से सात फेरे लेकर सनातन परंपरा को सलाम किया।

लाल जोड़े में सजी दुल्हन एंटोलिया के हाथों में मेहंदी थी और चेहरे पर सुकून। वहीं दूल्हा ग्लोरियस सफेद शर्ट और पैंट में सादगी का प्रतीक बना नजर आया। मंत्रोच्चारण के बीच जयमाला, सिंदूरदान और लावा परछाई जैसी सभी रस्में निभाई गईं, लेकिन खास बात ये रही कि हर मंत्र का अर्थ अंग्रेजी में अनुवाद कर दोनों को समझाया गया।

आचार्य मनोज मिश्रा के अनुसार, जिनका गोत्र ज्ञात नहीं होता उन्हें कश्यप गोत्र में संकल्प दिलाया जाता है। इसी आधार पर दोनों की शादी कराई गई। आचार्य ने बताया कि समारोह के दौरान “आई लव इंडिया, आई लव काशी” कहते हुए एंटोलिया भावुक हो उठीं।

दुल्हन एंटोलिया ने कहा, हिंदू रीति से शादी कर बहुत सुकून मिला। सात वचन का अर्थ जानकर मन श्रद्धा से भर गया। सिंदूर लगवाने का एहसास बेहद खास था।

वहीं ग्लोरियस ने मुस्कराते हुए बताया कि उन्होंने एक महीने पहले इटली में शादी की थी, लेकिन दोनों का सपना था कि जीवन के सबसे पवित्र बंधन को काशी में हिंदू विधि से निभाएं।

10 साल से एक-दूसरे को जानने वाले इस कपल ने शादी की तैयारी खुद की। एंटोलिया ने बनारस के लोकल मार्केट से लाल जोड़ा और चुन्नी खरीदी, जबकि ग्लोरियस ने रेड शर्ट ली।

11 नवंबर को तय मुहूर्त पर नवदुर्गा मंदिर में पूरे वैदिक रीति रिवाज के साथ विधि-विधान से शादी सम्पन्न हुई। एंटोलिया के परिवार से कोई नहीं आ सका, तो उनके ‘मुंह बोले पिता और भाई’ ने सभी रस्में निभाईं।

वेद मंत्रों की गूंज, घंटियों की ध्वनि और गंगा तट की हवाओं में घुला यह इटैलियन लव विथ इंडियन ट्रेडिशन का नजारा सबके दिलों में बस गया।

अन्य समाचार