मुख्यपृष्ठनए समाचारझारखंड में जेपीएससी-सीजीएल परीक्षा पेपर लीक मामले में बिहार से सीआईडी ने...

झारखंड में जेपीएससी-सीजीएल परीक्षा पेपर लीक मामले में बिहार से सीआईडी ने एक को किया गिरफ्तार

अनिल मिश्र / रांची

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित जेपीएससी -सीजीएल प्रतियोगिता परीक्षा में हुई गड़बड़ी और धांधली के मामले में सीआईडी झारखंड को एक बड़ी सफलता मिली है। अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी ) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के पटना जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सीआईडी ने आज सोमवार रांची में यह जानकारी पत्रकारों के समक्ष साझा किया है। झारखंड सीआईडी के अनुसार सीआईडी थाना कांड (संख्या 01/2025) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी राजन कुमार को गिरफ्तार किया गया है। नेवरा (पटना) से उसकी गिरफ्तारी हुई। आरोपी के पिता परमेश्वर प्रसाद हैं। वह ग्राम- श्री चंद्रपुर, थाना- नेवरा, जिला- पटना (बिहार) का रहने वाला है।इस जांच में सामने आया है कि आरोपी राजन कुमार ने जेपीएससी -सीजीएल परीक्षा के कई अभ्यर्थियों को पश्चिम बंगाल के नियामतपुर स्थित एक होटल में ठहराया था। होटल में ले जाकर अभ्यर्थियों को परीक्षा में आने वाले प्रश्नों और उनके उत्तरों को रटवाया गया था। इस अनुचित माध्यम और सेटिंग के जरिए कई अभ्यर्थियों को परीक्षा में फायदा पहुंचाया गया, जिसके परिणामस्वरूप उनमें से कुछ अभ्यर्थी परीक्षा में सफल भी हो गए थे। सीआईडी की इस कार्रवाई के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी शिकंजा कसने की संभावना है। पुलिस मामले की आगे की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।

अन्य समाचार