डीजीपी का दावा दिसंबर तक झारखंड से नक्सलियों का सफाया
अनिल मिश्र/ रांची
झारखंड प्रदेश के चाईबासा जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। यहां झारखंड प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता के समक्ष आज दस नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। चाईबासा में सरेंडर करने वाले नक्सलियों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं। दस नक्सलियों के सरेंडर के दौरान डीजीपी अनुराग गुप्ता ने दावा किया कि यह बड़ी उपलब्धि है और दिसंबर 2025 तक प्रदेश से नक्सलियों का सफाया कर दिया जाएगा।
झारखंड प्रदेश में भाकपा माओवादी व अन्य उग्रवादी समूहों के खिलाफ अभियान में पुलिस को बीते 10 माह में बड़ी सफलताएं मिली हैं। 29 नवंबर 2024 से 23 सितंबर 2025 के बीच 33 नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है। इस अवधि में 20 नक्सलियों-उग्रवादियों ने सरेंडर किया और 18 को गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से नक्सली समूहों को भारी नुकसान हुआ है।
इस बीच झारखंड प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता ने कहा कि राज्य में उग्रवाद के खिलाफ चल रही लंबी लड़ाई अब निर्णायक मोड़ पर है। करीब 20 वर्षों के संघर्ष में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 500 जवानों एवं पदाधिकारियों ने अपनी शहादत दी है। उनकी कुर्बानी और लगातार चल रहे अभियानों की बदौलत आज झारखंड सुरक्षित और प्रगतिशील राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
