मुख्यपृष्ठखेल`कीवियों', अय्यर से जरा बचके...ऑकलैंड में पहले भी श्रेयस कर चुके हैं...

`कीवियों’, अय्यर से जरा बचके…ऑकलैंड में पहले भी श्रेयस कर चुके हैं `धुनाई!’

-भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-२० सीरीज का चौथा मुकाबला आज
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-२० सीरीज का चौथा मुकाबला ३० अक्टूबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा। इस मुकाबले में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर पर खास नजरें रहेंगी। भले ही इस सीरीज में उनका बल्ला अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं चला है, लेकिन ऑकलैंड की धरती पर उनका पुराना रिकॉर्ड न्यूजीलैंड की चिंता बढ़ाने के लिए काफी है। अय्यर का इस मैदान से खास नाता रहा है। वर्ष २०२० में भारतीय टीम के न्यूजीलैंड दौरे के दौरान उन्होंने यहां लगातार दो मुकाबलों में शानदार बल्लेबाजी की थी। एक मैच में उन्होंने नाबाद ५८ रन ठोककर भारत की जीत में अहम योगदान दिया और प्लेयर ऑफ द मैच भी बने। वहीं दूसरे मुकाबले में उनके बल्ले से ४४ रन निकले थे। यानी ईडन पार्क में उतरते ही अय्यर का बल्ला पहले भी कीवी गेंदबाजों के लिए मुसीबत बन चुका है। आंकड़ों पर नजर डालें तो अय्यर ने इस मैदान पर दो टी-२० अंतर्राष्ट्रीय मैचों में कुल १०२ रन बनाए हैं। इस मामले में वह भारत के केएल राहुल के बाद दूसरे सबसे सफल भारतीय बल्लेबाज हैं। ऑकलैंड में भारतीय टीम का रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। टीम इंडिया ने यहां अब तक तीन टी-२० मुकाबले खेले हैं और तीनों में न्यूजीलैंड को शिकस्त दी है।
`वैभव अब तेरा क्या होगा?’
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-२० सीरीज के दूसरे व तीसरे मुकाबले में इंजरी के कारण नहीं खेल पाए थे। वैभव सूर्यवंशी को दूसरे टी-२० में नंबर ३ पर बल्लेबाजी का मौका मिला था। वह उस पोजिशन पर फ्लॉप साबित हुए और ६ गेंद पर ४ रन ही बना पाए। अब सवाल है कि इशान किशन की वापसी पर वैभव का क्या होगा?

अन्य समाचार