मुख्यपृष्ठनए समाचारदिल्ली धमाके से बेपरवाह महाराष्ट्र का गृह विभाग...कुछ घंटे की चुस्ती के...

दिल्ली धमाके से बेपरवाह महाराष्ट्र का गृह विभाग…कुछ घंटे की चुस्ती के बाद ठंडी पड़ गई पुलिस!

– संवेदनशील इलाके से सिक्योरिटी गायब

-महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में नहीं दिखा पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त

सामना संवाददाता / मुंबई

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई हमेशा से आतंकवादियों के निशाने पर रही है। मुंबई ने बम धमाकों के कई जख्म झेले हैं। बावजूद इसके महाराष्ट्र का गृह विभाग बेफिक्र नजर आ रहा है। सोमवार शाम दिल्ली में बम धमाका होने के बाद यहां रात में मुंबई पुलिस मुस्तैद नजर आई। रातभर नाकाबंदी, पेट्रोलिंग होती रही। डीसीपी, एसीपी राउंड पर दिखाई दिए, लेकिन दूसरे दिन पुलिस की चुस्ती, सुस्ती में बदल गई।
कल मुंबई की कई भीड़-भाड़ वाली जगह दादर, अंधेरी, चर्चगेट और सीएसटी स्टेशनों के बाहर देखा गया कि सुरक्षाकर्मी गायब हैं। कहीं पुलिस का बंदोबस्त दिखाई नहीं दिया। मेट्रो स्टेशन, धार्मिक स्थल और संवेदनशील इलाकों से सिक्योरिटी नदारद दिखी। मुंबई की सुरक्षा को लेकर गृह विभाग की ओर से भी कोई बयान नहीं आया और न ही आला पुलिस अधिकारियों के साथ किसी भी तरह की बैठक लिए जाने की सूचना मिली। इस बात से यही कयास लगाया जा रहा है कि महाराष्ट्र के गृह मंत्री मुंबई की सुरक्षा को लेकर गंभीर नजर नहीं हैं।
कोस्टल इलाकों में सुरक्षा नहीं
मुंबई के कोस्टल इलाकों के पास भी कोई खास सुरक्षा व्यवस्था दिखाई नहीं दी, जबकि मुंबई को अक्सर खतरा समुद्र मार्ग से रहा है। २६/ ११ हमले के पाकिस्तानी आतंकवादी कफ परेड समुद्र इलाके से ही हथियार और गोला-बारूद लेकर मुंबई पंहुचे थे। इसके अलावा कल गेस्ट हाउस और लॉज की भी कहीं चेकिंग करती पुलिस नजर नहीं आई। मुंबईकरों का मानना है दिल्ली के बाद मुंबई पर खतरा हो सकता है, ऐसे में जनता की सुरक्षा को लेकर महाराष्ट्र गृह विभाग को सतर्क रहना चाहिए।

अन्य समाचार